क्राइमछत्तीसगढ़सक्ती
Trending

इलाज कराने निकली वृद्धा 8 दिन बाद खेत में मिली मृत, भेड़ीकोना में शव मिलने से सनसनी

17 जून से लापता थीं जीरा बाई बंजारे, गुमशुदगी दर्ज होने के बाद भी नहीं लगा सुराग; अब मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

सक्ती/डभरा। सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत भेड़ीकोना में एक वृद्ध महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेत में शव पड़े होने की सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान जीरा बाई बंजारे (80) निवासी ग्राम कुसमुल के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, जीरा बाई बंजारे 17 जून को इलाज कराने डभरा स्थित ओजस हॉस्पिटल गई थीं। अस्पताल जाने के बाद वह वापस घर नहीं लौटीं। परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की, रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने 19 जून को थाना डभरा में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

इधर, गुरुवार को ग्राम भेड़ीकोना के एक खेत में वृद्ध महिला का शव मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव की शिनाख्त कर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। खेत में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

फिलहाल, डभरा पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वृद्ध महिला खेत तक कैसे पहुंचीं और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है।

Rajendra Rathore

राजेंद्र राठौर विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उनके परिवार में पत्रकारिता का कोई पारंपरिक इतिहास नहीं रहा, फिर भी उन्होंने इस क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की। उन्होंने वर्ष 2001 में दैनिक नवभारत में सर्वेयर के रूप में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की। वर्ष 2017 में उन्होंने दैनिक नवीन कदम समाचार पत्र समूह में कार्यभार संभाला और तब से वे आज पर्यंत “स्थानीय संपादक” के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!