छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

जिन्हें कभी वाहन चलाते नहीं देखा गया, वही करवाने पहुंचे ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, वर्षों बाद आरटीओ पहुंचे नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत, मच गई हलचल

राजेंद्र राठौर @ बिलासपुर। बिलासपुर स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) में उस समय अचानक हलचल और उत्सुकता का माहौल बन गया, जब छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत अचानक वहां पहुंच गए। उनके कार्यालय पहुंचते ही अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया कि आखिर नेता प्रतिपक्ष किस काम से आरटीओ पहुंचे हैं।


दरअसल, डॉ. चरण दास महंत अपने ड्राइविंग लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए 11 मई 2026 को आरटीओ कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने वहां पहुंचकर पूरी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की। जैसे ही लोगों को यह जानकारी मिली कि नेता प्रतिपक्ष स्वयं ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यू कराने पहुंचे हैं, कार्यालय में मौजूद लोगों के बीच भी इसे लेकर खास चर्चा होने लगी।

दिलचस्प बात यह रही कि राजनीतिक और सामाजिक जीवन में लंबे समय से सक्रिय डॉ. महंत को शायद ही कभी किसी ने दोपहिया या चार पहिया वाहन चलाते हुए देखा हो। आमतौर पर वे सुरक्षा और सरकारी प्रोटोकॉल के तहत वाहन में सफर करते नजर आते हैं। इसके बावजूद उनके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस मौजूद है और उसकी अवधि समाप्त होने पर उन्होंने स्वयं कार्यालय पहुंचकर उसका नवीनीकरण कराया।

आरटीओ कार्यालय में डॉ. महंत ने आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी की और संबंधित अधिकारियों से भी चर्चा की। इस दौरान कार्यालय परिसर में मौजूद लोगों की निगाहें लगातार उनकी ओर टिकी रहीं। कई लोगों ने इसे एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की पहल बताया।

मीडिया से चर्चा के दौरान डॉ. चरण दास महंत ने कहा कि एक जागरूक नागरिक के रूप में सभी लोगों को नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक कागजात समय-समय पर अपडेट कराना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने आम लोगों से भी यातायात नियमों का पालन करने और दस्तावेजों को वैध रखने की अपील की। साथ ही बिलासपुर आरटीओ कार्यालय में मिली व्यवस्थाओं और अधिकारियों-कर्मचारियों के सहयोग के लिए धन्यवाद भी व्यक्त किया।

नेता प्रतिपक्ष के अचानक आरटीओ पहुंचने और सामान्य नागरिक की तरह प्रक्रिया पूरी करने की चर्चा अब राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी तेजी से हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!