गूगल पर ‘डोमिनोज़ फ्रेंचाइजी’ खोजना पड़ा भारी, दिल्ली तक पहुंची जांजगीर-चांपा पुलिस… ऐसे बिछा था साइबर ठगी का जाल
2.65 लाख की ठगी के पीछे निकला संगठित ऑनलाइन नेटवर्क, गूगल पर फर्जी संपर्क नंबर डालकर लोगों को बनाया जाता था शिकार, कई राज्यों से जुड़े तार

जांजगीर-चांपा। महज एक गूगल सर्च ने अकलतरा के एक युवा कारोबारी को 2.65 लाख की साइबर ठगी का शिकार बना दिया। लेकिन इस बार मामला केवल ठगी तक सीमित नहीं रहा। जांजगीर-चांपा पुलिस ने डिजिटल सुरागों की परतें खोलते हुए दिल्ली तक पहुंचकर उस आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जिस पर देश के कई राज्यों में इसी तरह की ऑनलाइन ठगी के आरोप सामने आए हैं।
पुलिस जांच के अनुसार, अकलतरा निवासी राइस मिल संचालक संस्कार अग्रवाल ने डोमिनोज़ की फ्रेंचाइजी लेने के लिए गूगल पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर ऑनलाइन आवेदन किया था। आवेदन के कुछ समय बाद खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले एक व्यक्ति ने संपर्क किया और फ्रेंचाइजी रजिस्ट्रेशन के नाम पर 2.65 लाख जमा करा लिए।
राशि जमा होने के बाद भी जब फ्रेंचाइजी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी तो पीड़ित ने सीधे कंपनी के स्टेट हेड से संपर्क किया। यहीं पूरा खेल उजागर हुआ। कंपनी ने स्पष्ट कर दिया कि उनके नाम से कोई आवेदन या फ्रेंचाइजी पंजीकरण ही नहीं हुआ है।
इसके बाद मामला साइबर हेल्पलाइन 1930 तक पहुंचा और पुलिस ने डिजिटल ट्रेल खंगालना शुरू किया।
बैंक खाते से खुला पूरा राज
पुलिस ने जिस खाते में राशि भेजी गई थी, उसकी जांच की तो वह दिल्ली में रह रहे उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी ललित कश्यप के नाम पर संचालित मिला। बैंक रिकॉर्ड, ट्रांजैक्शन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने डोमिनोज़ फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर राशि ली थी। पुलिस ने बैंक स्टेटमेंट, पासबुक सहित अन्य दस्तावेज जब्त कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सिर्फ जांजगीर नहीं, कई राज्यों में फैला था नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ जबलपुर साइबर थाने में भी बिल्कुल इसी तरीके से 2.65 लाख की ठगी का मामला दर्ज है। इसके अलावा उसके बैंक खाते पर विभिन्न राज्यों से मिली साइबर ठगी की शिकायतों के कारण होल्ड लगाया जा चुका है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कितने लोगों को इसी तरीके से निशाना बनाया गया।
जांजगीर-चांपा पुलिस की सलाह
जांजगीर-चांपा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी कंपनी की फ्रेंचाइजी, डीलरशिप या निवेश संबंधी प्रक्रिया केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित संपर्क माध्यमों से ही करें। यदि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी हो जाए तो बिना देर किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या cybercrime.gov.in पोर्टल पर रिपोर्ट करें। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि को रोकने या वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।





