नशे से दूर रहकर युवा गढ़ेंगे विकसित भारत : पं. हरिशंकर व उत्कर्ष शिक्षा महाविद्यालय जांजगीर में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत’ कार्यक्रम आयोजित
कार्यक्रम के दौरान दोनों महाविद्यालयों के प्रशिक्षार्थियों एवं स्टॉफ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को अनुशासनपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री के संदेश में युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नशे की गिरफ्त में आए लोगों को इससे बाहर निकालने के उपायों पर जोर दिया गया।

जांजगीर-चांपा। पं. हरिशंकर शिक्षा महाविद्यालय एवं उत्कर्ष शिक्षा महाविद्यालय, सरखों के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्था के संचालक डॉ. आर.सी. पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में उत्कर्ष शिक्षा महाविद्यालय की प्राचार्या एवं मुख्य अतिथि डॉ. सुषमा पाण्डेय उपस्थित रहीं। इससे पूर्व 1 अगस्त को दोनों महाविद्यालयों के प्रशिक्षार्थियों ने रैली निकालकर ग्रामीणों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान प्रशिक्षार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रशिक्षार्थियों ने स्लोगन, पोस्टर, भाषण एवं नाटक के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थियों एवं स्टॉफ ने सहभागिता की।

मुख्य वक्ता डॉ. सुषमा पाण्डेय ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करता है। नशे की वजह से परिवार में सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
पं. हरिशंकर शिक्षा महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य नंद कुमार चतुर्वेदी ने भी नशामुक्त युवा और विकसित भारत के निर्माण की आवश्यकता पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति को नशे से बचाकर ही मजबूत, स्वस्थ और विकसित राष्ट्र की नींव रखी जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान दोनों महाविद्यालयों के प्रशिक्षार्थियों एवं स्टॉफ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को अनुशासनपूर्वक सुना। प्रधानमंत्री के संदेश में युवाओं को नशे से दूर रहने तथा नशे की गिरफ्त में आए लोगों को इससे बाहर निकालने के उपायों पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में पं. हरिशंकर शिक्षा महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य नंद कुमार चतुर्वेदी, डॉ. जितेन्द्र तिवारी, संतोष साव, श्रीमती उषा देवांगन, शशिकांत मिश्रा, सुश्री अमृता श्रीवास एवं हरदेव टंडन सहित उत्कर्ष शिक्षा महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुषमा पाण्डेय, ए.आर. केशी, श्रीमती सुशीला तिवारी, श्रीमती नैनी बांधले, श्रीमती खुशबू मिश्रा एवं सुमन्त पटेल सहित दोनों महाविद्यालयों के प्रशिक्षार्थी एवं स्टॉफ उपस्थित रहे।
अंत में डॉ. जितेन्द्र तिवारी ने आभार व्यक्त किया। संस्था के संचालक डॉ. आर.सी. पाण्डेय ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए दोनों महाविद्यालयों के प्रशिक्षार्थियों एवं स्टॉफ को बधाई देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया।




