पिछड़ा वर्ग के उत्थान पर मंथन: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति की मुलाकात
सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर हुई चर्चा, आयोग की भूमिका और अधिकारों के संरक्षण पर भी हुआ विमर्श

NKD@रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास को लेकर राज्य सरकार और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने शनिवार को उनके निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच पिछड़ा वर्ग के कल्याण, सामाजिक न्याय, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पिछड़ा वर्ग के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में साध्वी निरंजन ज्योति ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की कार्यप्रणाली, अधिकारों के संरक्षण तथा पिछड़ा वर्ग के हितों के संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने आयोग द्वारा संचालित योजनाओं, शिकायत निवारण व्यवस्था और विकासोन्मुख गतिविधियों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक न्याय केवल संवैधानिक दायित्व नहीं, बल्कि समावेशी विकास की आधारशिला है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वरोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से पिछड़ा वर्ग के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद सहित आयोग के सदस्य भी उपस्थित रहे।





