
NKD@रायपुर। तेजी से बदलते कारोबारी और तकनीकी दौर में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की भूमिका केवल खातों के रख-रखाव तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि वे व्यवसायों के सबसे भरोसेमंद सलाहकार और आर्थिक व्यवस्था के महत्वपूर्ण स्तंभ बन चुके हैं। यह बात छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने राष्ट्रीय सीए छात्र सम्मेलन में कही।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर से आए एक हजार से अधिक सीए विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि किसी भी चार्टर्ड अकाउंटेंट की सबसे बड़ी ताकत उसकी तकनीकी दक्षता नहीं, बल्कि ग्राहकों का विश्वास और गोपनीयता बनाए रखने की क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि यही गुण एक पेशेवर को भीड़ से अलग पहचान दिलाते हैं।
राज्यपाल ने युवाओं को चेताया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के इस दौर में मानव बुद्धिमत्ता, नैतिकता और विवेक की अहमियत कम नहीं होगी। एआई को अवसर के रूप में अपनाने की जरूरत है, न कि उसे प्रतिस्पर्धी मानने की। उन्होंने कहा कि तकनीक कार्यों को आसान बना सकती है, लेकिन निर्णय लेने की क्षमता और मानवीय संवेदनाएं केवल इंसानों के पास ही रहेंगी।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने सोशल मीडिया और मोबाइल की बढ़ती लत पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि युवाओं को डिजिटल दुनिया और वास्तविक जीवन के बीच संतुलन बनाकर रखना होगा। अत्यधिक स्क्रीन टाइम रचनात्मक सोच और उत्पादकता को प्रभावित कर सकता है।
उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक मजबूती में करदाताओं और कर सलाहकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स करदाताओं और शासन व्यवस्था के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। ऐसे में उनकी जिम्मेदारी केवल कर निर्धारण तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों को वित्तीय अनुशासन और कर अनुपालन के प्रति जागरूक करने की भी है।
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने पेशेवर जीवन में सफलता के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि जीवन में कम से कम एक ऐसा कार्य अवश्य करना चाहिए, जिससे समाज को लाभ मिले और जिसके पीछे कोई व्यक्तिगत स्वार्थ न हो।
सम्मेलन में भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट्स संस्थान (आईसीएआई) के पदाधिकारियों ने भी विद्यार्थियों को पेशे की चुनौतियों और अवसरों से अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
राज्यपाल के 5 बड़े संदेश
1️⃣ विश्वास और गोपनीयता ही सीए पेशे की सबसे बड़ी पूंजी।
2️⃣ एआई को खतरा नहीं, अवसर के रूप में देखें।
3️⃣ छोटे उद्योग और उद्यमी देश में रोजगार के सबसे बड़े स्रोत।
4️⃣ कर प्रणाली को आम नागरिक और वरिष्ठजनों के लिए सरल बनाने की जरूरत।
5️⃣ सफलता के साथ सामाजिक सरोकारों को भी जीवन का हिस्सा बनाएं।






