सिवनी-नैला ग्राम पंचायत में कथित फर्जी बिल से भुगतान का आरोप, सरपंच पर जांच और एफआईआर की मांग
युवा भाजपा नेता ने सीईओ जिला पंचायत को सौंपा शिकायत पत्र, पंच के नाम पर कथित फर्जी बिल बनाकर ऑनलाइन भुगतान का लगाया आरोप

जांजगीर-चांपा। जिले की ग्राम पंचायत सिवनी (नैला) में पंचायत निधि के कथित दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। गांव के निवासी एवं भाजपा युवा नेता देवेश कुमार राठौर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जिला पंचायत जांजगीर-चांपा को लिखित शिकायत सौंपकर ग्राम पंचायत के सरपंच पर पंचायत के पंच सुकेश शर्मा के नाम से कथित फर्जी बिल तैयार कर पंचायत निधि से ऑनलाइन भुगतान कराने का आरोप लगाया है।
शिकायत पत्र के अनुसार, संबंधित भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किए जाने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित बैंक खातों, ई-एफएमएस रिकॉर्ड, ट्रांजेक्शन आईडी, पंचायत कैशबुक, बिल-वाउचर, संकल्प पुस्तिका तथा अन्य वित्तीय अभिलेखों का सत्यापन कराने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि भुगतान किस आधार पर और किस व्यक्ति को किया गया।
शिकायत में कहा गया है कि यदि किसी व्यक्ति के नाम पर फर्जी बिल बनाकर भुगतान किया गया है, तो यह पंचायत निधि के दुरुपयोग, वित्तीय अनियमितता तथा सरकारी राशि के दुरुपयोग का गंभीर मामला है। शिकायतकर्ता ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 तथा पंचायत वित्तीय नियमों का हवाला देते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में यह भी मांग की गई है कि भुगतान से जुड़े सभी दस्तावेजों एवं वास्तविक लाभार्थी की जांच कराई जाए। यदि आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध राशि की वसूली, विभागीय कार्रवाई तथा आवश्यक होने पर एफआईआर दर्ज कराई जाए।
शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत को भी भेजी गई है।





