बी.डी. महंत उपनगर में माँ दुर्गा के जगराता में उमड़े श्रद्धालु, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता इंजी. रवि पाण्डेय ने की पूजा-अर्चना
स्व. लखेश्वर लाल पालीवाल की स्मृति में आयोजित जगराता में शक्ति, संस्कार और सामाजिक एकता का दिया गया संदेश

जांजगीर-चांपा। बी.डी. महंत उपनगर जांजगीर में स्थापित माँ दुर्गा के भव्य पंडाल में स्वर्गीय लखेश्वर लाल पालीवाल की स्मृति में भक्तिमय जगराता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रवक्ता किसान मोर्चा इंजी. रवि पाण्डेय शामिल हुए। उन्होंने माँ दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस दौरान पूरा पंडाल माँ दुर्गा के जयकारों और भक्ति गीतों से गुंजायमान रहा तथा श्रद्धालु भक्तिरस में डूबे नजर आए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए इंजी. रवि पाण्डेय ने कहा कि माँ दुर्गा की आराधना केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह शक्ति, साहस, संस्कार और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। माँ दुर्गा का स्वरूप हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जगराता जैसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं और नई पीढ़ी को अपनी आस्था, संस्कार तथा विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

स्व. लखेश्वर लाल पालीवाल को दी श्रद्धांजलि
इंजी. पाण्डेय ने स्वर्गीय लखेश्वर लाल पालीवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति की वास्तविक पहचान उसके पद या प्रतिष्ठा से नहीं, बल्कि समाज के लिए किए गए कार्यों और लोगों के दिलों में छोड़ी गई यादों से होती है। उनकी स्मृति में आयोजित यह जगराता श्रद्धा, सम्मान और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। ऐसे आयोजन दिवंगत व्यक्तियों के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ समाज को आपसी प्रेम, सहयोग और एकजुटता का संदेश भी देते हैं।
उन्होंने आयोजन समिति और समस्त श्रद्धालुओं को इस भक्तिमय आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए माँ दुर्गा से प्रार्थना की कि क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और भाईचारा सदैव बना रहे। साथ ही सभी लोगों के जीवन में खुशहाली आए और समाज में सद्भाव की भावना निरंतर मजबूत होती रहे।

भक्ति गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल
जगराता कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और मोहल्लेवासी शामिल हुए। माँ दुर्गा के जयकारों, भक्ति गीतों और धार्मिक वातावरण ने पूरे पंडाल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने माता रानी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द का संदेश भी देखने को मिला।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक बजरंग शर्मा, पार्षद श्रीमती सुनीता अमित यादव, पूर्व पार्षद अमित यादव, श्रीमती सहोदरा राठौर, अजय निर्मलकर, निधि निर्मलकर, गौरी निर्मलकर, सावित्री कश्यप, अर्जुन कश्यप, मोती कश्यप, भीखम यादव, नन्हा यादव, सुषमा निर्मलकर, निखिल निर्मलकर, पम्मी निर्मलकर, माही बरेठ, दुर्गेश कश्यप, चंद्रशेखर कश्यप, दुकालू यादव, छोटे राउत, अता कश्यप, गजानंद कश्यप, रजनी कश्यप, रानू बरेठ, उत्तम शर्मा, रंभा निर्मलकर, मनीषा निर्मलकर, अनिल निर्मलकर, सुरभि निर्मलकर, अंशु निर्मलकर, दिनबंधु महाराज, रश्मि निर्मलकर, ऐनु यादव, रेशमा नामदेव और अमित नामदेव सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।




