विजयादशमी पर पुलिस लाइन जांजगीर में गूंजा परंपरा का संदेश, एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने की शस्त्र पूजा
जिले में सुख-शांति, समृद्धि और मजबूत कानून-व्यवस्था की कामना, थानों व चौकियों में भी हुआ पूजन

राजेंद्र राठौर@जांजगीर-चांपा। विजयादशमी के पावन अवसर पर पुलिस लाइन जांजगीर में पुलिस विभाग की पारंपरिक शस्त्र पूजा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार शस्त्रों की पूजा-अर्चना कर जिले में सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

गौरतलब है कि दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजा पुलिस विभाग की परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह आयोजन पुलिस बल के कर्तव्य, साहस, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प को दर्शाता है। शस्त्रों की पूजा के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की भावना भी प्रमुख रही।
पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजा कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, डीएसपी मुख्यालय विजय कुमार पैकरा, डीएसपी अजाक सतरूपा तारम, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, नगर सेना की जिला सेनानी योगिता साहू तथा रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिले के थानों और चौकियों में भी हुई पूजा
शस्त्र पूजा की परंपरा का निर्वहन करते हुए जिले के सभी थाना एवं चौकियों में भी संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा विधि-विधान से शस्त्रों की पूजा-अर्चना की गई। इस तरह विजयादशमी के अवसर पर जिलेभर के पुलिस प्रतिष्ठानों में पारंपरिक आयोजन किए गए। जांजगीर-चांपा पुलिस ने इस पर्व पर जिलेवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना करते हुए सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।




