Sakti में पुरानी रंजिश का खौफनाक बदला: 13 वर्षीय मासूम का गला घोंटा, खेत में दफनाकर छिपा दी लाश
40 घंटे में पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री, आरोपी गिरफ्तार

शहजाद खान@सक्ती। जिले के परसदा खुर्द गांव में 13 वर्षीय बालक की हत्या के मामले का पुलिस ने 40 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि महज पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए 22 वर्षीय युवक ने मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को खेत में दफनाकर सबूत मिटाने की कोशिश की।
पुलिस के अनुसार, मृतक कपिल कुमार केवट (13) 8 जुलाई 2026 की रात से लापता था। परिजनों ने बताया कि गांव का हेमंत कुमार केवट उसे अपने साथ ले गया था, लेकिन वह वापस घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब बालक का कोई सुराग नहीं मिला तो थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई, जिस पर पुलिस ने अपहरण सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही हेमंत कुमार केवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन लंबी और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब छह-सात महीने पहले गांव हरदा के कुछ युवकों से उसका विवाद हुआ था। उसे शक था कि कपिल ने ही इस विवाद की जानकारी दूसरों को दी थी। इसी बात को लेकर वह बालक से नाराज था और बदला लेने की योजना बना रहा था।
आरोपी ने 8 जुलाई की रात कपिल को चोरी का लोहा बेचकर पैसे कमाने का लालच दिया और उसे अपने साथ बोर घर ले गया। वहां उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया तथा पहचान छिपाने के लिए कपड़े अलग स्थान पर फेंक दिए।
आरोपी की निशानदेही पर कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सकीय दल और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खेत की खुदाई कर बालक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त फावड़ा (रापा) और मृतक के कपड़े भी जब्त कर लिए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई के बाद आरोपी हेमंत कुमार केवट (22) निवासी परसदा खुर्द को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।






