Welcome to नवीन कदम डिजिटल   Click to listen highlighted text! Welcome to नवीन कदम डिजिटल
क्राइमछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़लोकल न्यूज़सक्ती
Trending

Sakti: कारों के शीशे तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 11 मामलों में शामिल 4 आरोपी गिरफ्तार

क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सघन निगरानी और अभियान जारी रहेगा।

सक्ती। जिले के मालखरौदा एवं जैजैपुर थाना क्षेत्रों में खड़ी चारपहिया वाहनों के शीशे तोड़कर चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत फैलाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो बालिग आरोपियों सहित दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सामान एवं नकदी भी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के अनुसार, मई 2026 में मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में रात के समय घरों और सड़कों के किनारे खड़ी कारों के शीशे पत्थर एवं ईंट से तोड़कर उनमें रखे नगदी, इलेक्ट्रॉनिक वायर, जैक-पाना, स्टेपनी टायर तथा अन्य सामान चोरी किए जाने की लगातार शिकायतें मिली थीं। इन घटनाओं से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था।

11 अपराध दर्ज, पुलिस के लिए बनी चुनौती

प्रार्थी राकेश रात्रे सहित कुल 11 लोगों ने अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराईं। शिकायतों के आधार पर थाना मालखरौदा में 6 तथा थाना जैजैपुर में 5 अपराध पंजीबद्ध किए गए। चोरों ने छोटे सीपत, कलमी, जमगहान, पिहरीद, काशीगढ़, जैजैपुर, तुषार, बोडसरा, कचंदा समेत कई गांवों में खड़ी कारों को निशाना बनाया था।

चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत लगभग 47 हजार रुपये आंकी गई थी। अज्ञात आरोपियों की तलाश पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई थी क्योंकि, घटनाएं अलग-अलग गांवों में एक ही रात में अंजाम दी गई थीं।

25 कैमरों के फुटेज और 4000 मोबाइल नंबर खंगाले

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 20 से 25 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा घटनास्थलों के आसपास का टॉवर डंप लेकर लगभग 4000 मोबाइल नंबरों की जांच की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खरसिया, रायगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और आखिरकार आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।

दिल्ली भागने की फिराक में था आरोपी

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी गुलशन कुमार बरेठ दिल्ली भागने की तैयारी में था। पुलिस ने उसे खरसिया रेलवे स्टेशन से धर दबोचा। वहीं अन्य तीन संदिग्धों को उनके घरों से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी ने वाहन के शीशे तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सामान और नगदी बरामद की है, जिनमें –

1️⃣ चोरी की रकम में से 4 हजार रुपये नगद

2️⃣ 5 नग जैक एवं 5 नग रॉड

3️⃣ 2 बंडल इलेक्ट्रॉनिक वायर

4️⃣ 2 नग स्टेपनी टायर

5️⃣ 2 नग डीजल वाइब्रेटर मशीन

मामले में गिरफ्तार आरोपी

1️⃣ हर्ष सिदार उर्फ बिट्टू (19), ग्राम सुखदा, चौकी फगुरम, थाना डभरा, जिला सक्ती।

2️⃣ गुलशन कुमार बरेठ (18 वर्ष 9 माह), ग्राम सुखदा, चौकी फगुरम, थाना डभरा, जिला सक्ती।

3️⃣ दो विधि से संघर्षरत बालक।

पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

पूरे मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना मालखरौदा प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत, थाना जैजैपुर प्रभारी उप निरीक्षक भूपेंद्र चंद्रा, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सीपी कवर, साइबर सेल टीम तथा दोनों थानों के स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!