रामलला दर्शन के लिए रवाना हुआ आस्था का कारवां: जिले से 187 श्रद्धालुओं का 16वां जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना
पूरे परिसर में “जय श्रीराम” के जयघोष गूंजते रहे और माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया

जांजगीर-चांपा। भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम के दर्शन के लिए बुधवार को जिले से 187 श्रद्धालुओं का 16वां जत्था उत्साह और भक्ति के माहौल में रवाना हुआ। जेल चैक खोखरा से रवाना हुए श्रद्धालुओं के चेहरों पर प्रभु श्रीराम के दर्शन की खुशी साफ झलक रही थी। पूरे परिसर में “जय श्रीराम” के जयघोष गूंजते रहे और माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।
श्रद्धालुओं को विदा करने पहुंचे परिजनों ने फूलमालाओं और तिलक लगाकर उनका स्वागत किया तथा सुखद यात्रा की शुभकामनाएं दीं। कई श्रद्धालुओं ने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा सौभाग्य और यादगार पल बताया। रामधुन, जयकारों और श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे आयोजन को भावनात्मक और भव्य बना दिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति राजकुमार साहू ने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना श्रद्धालुओं के लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि राम केवल आस्था के प्रतीक नहीं, बल्कि मर्यादा, सत्य, धर्म और आदर्श जीवन के प्रेरणास्रोत हैं। प्रदेश की विष्णदेव साय सरकार द्वारा संचालित इस योजना से आमजन को अयोध्या धाम जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन त्याग, करुणा, न्याय और मर्यादा का संदेश देता है तथा रामलला के दर्शन से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और नई ऊर्जा प्राप्त होगी। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की उप संचालक बरखा मिहिर सहित अतिथियों ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान भाजपा नेता सोनू यादव, रवि राठौर, रवि देवांगन, श्रीकांत गोस्वामी, अनुपम तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नागरिक उपस्थित रहे।





