राष्ट्रीय गीत ‘‘वन्देमातरम्’’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री एस बालकृष्ण की उपस्थिति में जांजगीर में होगा भव्य आयोजन
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं, युवा, शिक्षक, शिक्षा जगत से जुड़े प्रबुद्धजन, परिषद के कार्यकर्ता एवं सहयोगी बड़ी संख्या में शामिल होंगे

जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय गीत “वन्देमातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा जांजगीर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर परिषद के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री एस बालकृष्ण की उपस्थिति रहेगी।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद केन्द्रीय प्रवास के तहत एस बालकृष्ण का छत्तीसगढ़ के रायगढ़ विभाग अंतर्गत जांजगीर-चांपा जिले में आगमन होगा। परिषद द्वारा 16 मई 2026 को जिला पंचायत के समीप ऑडिटोरियम, जांजगीर में सुबह 10.30 बजे से “वन्देमातरम” विषय पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं, युवा, शिक्षक, शिक्षा जगत से जुड़े प्रबुद्धजन, परिषद के कार्यकर्ता एवं सहयोगी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। परिषद द्वारा इस राष्ट्रव्यापी आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है।
इस अवसर पर अभाविप के प्रमुख दायित्ववान कार्यकर्ताओं की बैठक, रायगढ़ विभाग के कार्यकर्ताओं का विशेष सत्र तथा शिक्षा जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर परिषद कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और जिला इकाई द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अभाविप के जिला संयोजक उदय पांडे ने बताया कि वन्देमातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और देशभक्ति की भावना का प्रतीक है। इसके 150 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्र चेतना जागृत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।




