Welcome to नवीन कदम डिजिटल   Click to listen highlighted text! Welcome to नवीन कदम डिजिटल
जांजगीरजांजगीर-चांपाराजनीतिलोकल न्यूज़
Trending

राजनीति से ऊपर रिश्तों की मिठास: नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत पत्नी संग पहुंचे शर्मा निवास, नवदंपति को दिया आशीर्वाद

विवाह समारोह में शामिल नहीं हो पाने की कमी को आत्मीय मुलाकात से किया पूरा, पत्नी ज्योत्सना महंत, पुत्र सूरज महंत और कांग्रेस विधायकों के साथ नैला पहुंचकर नवदंपति विवेक-दिप्ती को दिया आशीर्वाद; राजनीतिक व्यस्तताओं के बीच रिश्तों को प्राथमिकता देने की तस्वीर बनी चर्चा का विषय

राजेंद्र राठौर@जांजगीर। सार्वजनिक जीवन की व्यस्तताओं और राजनीतिक जिम्मेदारियों के बीच रिश्तों की आत्मीयता किस तरह जीवित रहती है, इसकी खूबसूरत मिसाल शनिवार की शाम नैला में देखने को मिली। नैला निवासी वरिष्ठ पत्रकार राजू शर्मा एवं जिला महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष श्रीमती सीमा शर्मा के सुपुत्र इंजी. विवेक शर्मा और दिप्ती के विवाह उपरांत नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत स्वयं अपने परिवार और कांग्रेस जनप्रतिनिधियों के साथ शर्मा निवास पहुंचे तथा नवदंपति को स्नेह और आशीर्वाद प्रदान किया।

गौरतलब है कि इंजी. विवेक शर्मा एवं दिप्ती का विवाह 26 अप्रैल 2026 को जगदलपुर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ था। इसके उपलक्ष्य में 28 अप्रैल 2026 को अग्रसेन भवन नैला में भव्य आशीर्वाद समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधियों के अलावा केन्द्र एवं राज्य सरकार के कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हुए थे। हालांकि, व्यस्त कार्यक्रमों के चलते छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. चरणदास महंत उस अवसर पर शामिल नहीं हो सके थे।

लेकिन, आत्मीय संबंधों को महत्व देते हुए डॉ. महंत ने शनिवार 17 मई की शाम अपनी धर्मपत्नी व कोरबा लोकसभा क्षेत्र की कांग्रेस सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत, पुत्र सूरज महंत, जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह, पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश तथा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के साथ नैला स्थित शर्मा निवास पहुंचकर नवयुगल को शुभकामनाएं दीं।

शर्मा निवास में आत्मीय माहौल के बीच महंत दंपति ने विवेक और दिप्ती को उपहार भेंट किए तथा उनके सुखद, सफल और उज्ज्वल वैवाहिक जीवन की कामना की। इस दौरान परिवारजनों और उपस्थित लोगों के बीच बेहद अपनापन और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।

विशेष बात यह रही कि यह मुलाकात केवल एक औपचारिकता तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें वर्षों पुराने पारिवारिक संबंधों और सामाजिक आत्मीयता की झलक साफ दिखाई दी। राजनीतिक व्यस्तताओं के बावजूद नेता प्रतिपक्ष का व्यक्तिगत रूप से घर पहुंचना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। शर्मा परिवार ने भी डॉ. महंत एवं सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बड़े जनप्रतिनिधियों का इस तरह घर पहुंचकर आशीर्वाद देना परिवार के लिए अविस्मरणीय पल बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!