डभरा के भेड़ीकोना गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात: मां ने जिस बेटे को गोद में खिलाया, उसी के हाथों छिन गई जिंदगी
सक्ती जिले ग्राम भेड़ीकोना में रविवार की रात घटी एक घटना ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। मृतिका की पहचान तिहारिन बाई माली के रूप में हुई है।

NKD@डभरा। जिस मां ने नौ महीने कोख में रखा, उंगली पकड़कर चलना सिखाया और हर मुश्किल में बेटे के लिए ढाल बनकर खड़ी रही, उसी मां की जिंदगी का अंत उसके अपने बेटे के हाथों हो जाएगा, यह शायद किसी ने नहीं सोचा होगा। सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम भेड़ीकोना में रविवार की रात घटी एक घटना ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। मृतिका की पहचान तिहारिन बाई माली के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार की रात मां और बेटे के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में बेटे ने अपनी ही मां के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि मारपीट इतनी गंभीर थी कि तिहारिन बाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
रात की खामोशी में जब घर से चीख-पुकार की आवाजें आईं तो आसपास के लोग भी सहम गए। किसी को अंदाजा नहीं था कि एक साधारण घरेलू विवाद इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर डभरा थाना प्रभारी राजेश पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में विवाद के बाद मारपीट की बात सामने आई है, लेकिन झगड़े की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पूछताछ और विवेचना के बाद ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ सकेगा।
गांव में एक ही सवाल…
इस दर्दनाक घटना के बाद भेड़ीकोना गांव में हर जुबान पर एक ही सवाल है कि क्या गुस्सा इतना बड़ा हो सकता है कि इंसान अपने ही रिश्तों की मर्यादा भूल जाए? जिस मां ने बेटे के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया, आखिर वही मां उसके क्रोध का शिकार कैसे बन गई?
यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों के टूटते धागों और बढ़ती संवेदनहीनता की एक भयावह तस्वीर बनकर सामने आई है। फिलहाल, पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।




