कर्रानाला बांध के पास खून से लथपथ मिला बुजुर्ग, मौत और जिंदगी के बीच जंग; हमलावरों की तलाश में पुलिस
अंधेरे में हुआ हमला या रची गई साजिश? 56 वर्षीय शिवराम कश्यप गंभीर हालत में सिम्स रेफर

सुबोध थवाईत@अकलतरा। ग्राम कोटमीसोनार क्षेत्र में कर्रानाला बांध के सुनसान इलाके में गुरुवार रात हुई एक रहस्यमयी और खूनी वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। ग्राम अकलतरी निवासी शिवराम कश्यप उर्फ प्रेमी (56) गंभीर रूप से घायल अवस्था में एक बाड़ी के पास मिले। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उन पर जानलेवा हमला किया गया।

घटना के बाद घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि शिवराम जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। घटना जिस स्थान पर हुई, वह कर्रानाला बांध के समीप अपेक्षाकृत सुनसान इलाका बताया जा रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर शिवराम पर हमला किसने और क्यों किया? क्या यह पुरानी रंजिश का मामला है, या फिर किसी अन्य वजह से उन्हें निशाना बनाया गया? घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए, जिससे मामले का रहस्य और गहरा गया है।
अवैध शराब और नशे के अड्डों पर भी उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कर्रानाला बांध और आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब बिक्री और नशेड़ियों की आवाजाही की शिकायतें सामने आती रही हैं। क्षेत्र में कच्ची महुआ शराब बनाए जाने की चर्चाएं भी होती रही हैं। ऐसे में पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं वारदात का संबंध नशे या अवैध गतिविधियों से तो नहीं है।
पुलिस ने संभावित पहलुओं पर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। फिलहाल कर्रानाला बांध की यह वारदात पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग हमलावरों की गिरफ्तारी का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।




