रात डेढ़ बजे घर में घुसा चोर… लेकिन एक गलती ने पहुंचा दिया सीधे जेल
भागते वक्त मोबाइल, चप्पल और बाइक छोड़ गया आरोपी, नवागढ़ पुलिस ने कुछ ही घंटों में दबोचा

NKD@नवागढ़। देर रात चोरी की नीयत से एक घर में घुसे युवक की चालाकी उस समय भारी पड़ गई, जब भागते वक्त वह अपनी बाइक, मोबाइल और अन्य सामान घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया। इन्हीं सुरागों के आधार पर नवागढ़ पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामला थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम अमोदा का है।
पुलिस के मुताबिक, 28 मई 2026 की रात करीब डेढ़ बजे प्रार्थी शत्रुघ्न करियरे अपने घर के आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति चोरी की नीयत से घर में घुसा और पहचान छिपाने के लिए बाहर और अंदर जल रहे बल्बों को निकालकर फेंक दिया।
आवाज सुनकर जब शत्रुघ्न करियरे जागे और आरोपी को पकड़ने दौड़े तो आरोपी ने उन्हें धक्का देकर भागने की कोशिश की। लेकिन जल्दबाजी में वह अपनी मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, गमछा और चप्पल मौके पर ही छोड़ गया।
यहीं से पुलिस को बड़ा सुराग मिला। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनील कश्यप के रूप में की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की नीयत से घर में घुसने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय एवं थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।





