जांजगीर में लिफ्ट देना पड़ा भारी: दो नाबालिगों ने पैसे नहीं मिलने पर चौकीदार युवक की चाकू मारकर की हत्या
चौकीदारी के लिए ड्यूटी पर जा रहे राजेंद्र सूर्यवंशी पर चलती बाइक में हमला, दोनों आरोपी गिरफ्तार; पुलिस के अनुसार दोनों नशे के आदी और आदतन बदमाश

जांजगीर-चांपा। जिले में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सिटी कोतवाली थाना जांजगीर क्षेत्र के ग्राम खोखरा निवासी राजेंद्र सूर्यवंशी की दो नाबालिग लड़कों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पहले लिफ्ट मांगी और कुछ दूर जाने के बाद पैसे की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर उन्होंने चलती बाइक पर ही हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, राजेंद्र सूर्यवंशी ग्राम कुलीपोटा स्थित एक कबाड़ दुकान में चौकीदारी का काम करते थे। रविवार 2 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे वे अपने घर खोखरा से बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए निकले थे। जांजगीर में मुख्य नहर के पास होंडा शोरूम के समीप पैदल जा रहे दो युवकों ने उनसे लिफ्ट मांगी। मानवता के नाते राजेंद्र ने दोनों को अपनी बाइक पर बैठा लिया।
कुछ दूरी तय करने के बाद दोनों युवकों ने राजेंद्र से पैसे मांगे। जब उन्होंने पैसे देने से मना किया तो आरोपियों ने चलती बाइक पर ही चाकू से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए राजेंद्र बाइक से कूद गए, लेकिन आरोपी यहीं नहीं रुके। उन्होंने राजेंद्र को पकड़कर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को जिला अस्पताल जांजगीर ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी जांजगीर के निवासी हैं, नाबालिग हैं तथा आदतन बदमाश एवं नशेड़ी प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।





