जिला सहकारी बैंक जांजगीर अंधेरे में, बुधवार शाम से गुल बिजली; बैंकिंग कार्य प्रभावित
बिजली विभाग को सूचना देने के बावजूद नहीं हुई आपूर्ति बहाल, इन्वर्टर के सहारे किसी तरह चल रहा कामकाज

जांजगीर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की जांजगीर शाखा में बुधवार शाम से बिजली व्यवस्था ठप होने के कारण बैंक का कामकाज प्रभावित हो रहा है। बिजली नहीं होने से बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी और उमस के बीच बैंक परिसर में अंधेरा छाया हुआ है, जिससे सामान्य बैंकिंग कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बिजली आपूर्ति बाधित होने के बाद बैंक प्रबंधन ने तत्काल बिजली विभाग को इसकी सूचना दे दी थी। इसके बावजूद समाचार लिखे जाने तक बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी थी।
शाखा प्रबंधक रेशम लाल तिवारी ने बताया कि बिजली विभाग को सूचना दे दी गई है। फिलहाल बैंक में इन्वर्टर के सहारे किसी तरह आवश्यक बैंकिंग कार्य संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो बैंक की सेवाओं पर और अधिक असर पड़ सकता है।
बैंक पहुंचे कई ग्राहकों ने भी बिजली नहीं होने से हो रही असुविधा पर नाराजगी जताई और बिजली विभाग से शीघ्र आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। वहीं, लोगों का कहना है कि जिला मुख्यालय स्थित महत्वपूर्ण बैंक में इतनी देर तक बिजली बाधित रहना चिंता का विषय है।




