अब बिजली की शिकायतों पर होगी सीधी निगरानी, क्षेत्रवार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ेगा विभाग और उपभोक्ता
कलेक्टर ने विद्युत अधिकारियों को दिए निर्देश, शिकायत मिलते ही त्वरित समाधान और जवाबदेही तय करने की तैयारी

जांजगीर-चांपा। जिले में बिजली संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण और विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने नई पहल की तैयारी शुरू कर दी है। अब क्षेत्रवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और उपभोक्ताओं को जोड़ा जाएगा, ताकि बिजली से जुड़ी समस्याओं की जानकारी तत्काल मिल सके और उनका समाधान तेजी से किया जा सके।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण विभाग के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेते हुए निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति बाधित होने, ट्रांसफॉर्मर खराब होने, लो-वोल्टेज सहित अन्य तकनीकी समस्याओं की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचे। इसके लिए डिजिटल माध्यम से बेहतर समन्वय स्थापित करने की जरूरत है।
व्हाट्सएप ग्रुप से बढ़ेगा संवाद, शिकायतों पर होगी तुरंत कार्रवाई
कलेक्टर ने कहा कि कई बार उपभोक्ताओं को बिजली समस्या आने के बाद शिकायत दर्ज कराने और अधिकारियों तक जानकारी पहुंचाने में समय लग जाता है। इस समस्या को दूर करने के लिए क्षेत्रवार व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जाएं, जिसमें संबंधित क्षेत्र के विद्युत अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और उपभोक्ता जुड़े रहें।
इस व्यवस्था से बिजली गुल होने, तार टूटने, ट्रांसफॉर्मर खराब होने या अन्य तकनीकी खराबी की सूचना तुरंत विभाग तक पहुंचेगी और मौके पर टीम भेजकर समस्या का समाधान किया जा सकेगा।
अधिकारी-कर्मचारियों की जिम्मेदारी होगी तय
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्रवार विद्युत व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। बारिश और तेज हवा के कारण बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को केवल दर्ज करने तक सीमित नहीं रखा जाए, बल्कि उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जाए। ट्रांसफॉर्मर खराबी, लो-वोल्टेज और बिजली कटौती जैसी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए गए।
24 घंटे हेल्पलाइन भी सक्रिय
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 24×7 कॉल सेंटर की व्यवस्था की है। बिजली संबंधी शिकायतों के लिए उपभोक्ता इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं—
जांजगीर (नैला जोन)
📞 6262045898
📞 9171887873
चांपा जोन
📞 7400729488





