चार बीन की धुन पर स्वच्छता और जनजागरूकता का संदेश, जांजगीर के कचहरी चौक में गूंजा नुक्कड़ नाटक
रायपुर से आई इस टीम का उद्देश्य नगरीय क्षेत्रों में सीधे आम लोगों के बीच पहुंचकर जनहित से जुड़े विषयों पर संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने संदेश दिया कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही शहरों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जा सकता है।
NKD@जांजगीर। छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रायपुर से पहुंची कला जत्था टीम ने मंगलवार को जांजगीर के व्यस्ततम कचहरी चौक में नुक्कड़ नाटक और चार बीन वादन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। अनोखी प्रस्तुति ने राहगीरों और स्थानीय नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया तथा बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने के लिए जुटे।

कला जत्था के कलाकारों ने गीत, संगीत, चार बीन की पारंपरिक धुन और नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी तथा शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े संदेश आमजन तक पहुंचाए। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने लोगों को न केवल मनोरंजन किया बल्कि, सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूक भी किया।

रायपुर से आई इस टीम का उद्देश्य नगरीय क्षेत्रों में सीधे आम लोगों के बीच पहुंचकर जनहित से जुड़े विषयों पर संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने संदेश दिया कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही शहरों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जा सकता है।
कचहरी चौक में आयोजित इस जनजागरूकता अभियान को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, व्यापारी और राहगीर उपस्थित रहे। कई लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से महत्वपूर्ण संदेश सरल और प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचते हैं।