Welcome to नवीन कदम डिजिटल   Click to listen highlighted text! Welcome to नवीन कदम डिजिटल
छत्तीसगढ़जांजगीरजांजगीर-चांपाटॉप न्यूज़राज्यलोकल न्यूज़सक्ती
Trending

बरगद की छांव से निकला विकास का संदेश, ठठारी को मिली बैंक, आरती घाट और नगर पंचायत बनने की उम्मीद

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चौपाल में सीधे सुनी जनता की बात, घोषणाओं की झड़ी लगाकर गांव को दी बड़ी सौगात

शहजाद खान@सक्ती। जिले के छोटे से गांव ठठारी में शनिवार को बरगद के एक विशाल वृक्ष की छांव सत्ता और जनता के सीधे संवाद का साक्षी बनी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यहां किसी मंच या सभागार के बजाय ग्रामीणों के बीच चौपाल लगाकर न केवल उनकी समस्याएं सुनीं, बल्कि विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कर दीं।

सुशासन तिहार के तहत आयोजित इस जनचौपाल में मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से योजनाओं के लाभ, मूलभूत सुविधाओं और स्थानीय जरूरतों पर खुलकर चर्चा की। लेकिन, चौपाल की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांगों पर मौके पर ही सकारात्मक संकेत मिले।

मुख्यमंत्री ने चतुर्भुज विष्णु मंदिर के पास श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आरती घाट निर्माण, ठठारी में बैंक शाखा खोलने और गांव को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की दिशा में पहल करने की घोषणा कर दी। इसके अलावा क्षेत्र की सड़क समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिया गया।

चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया कि सरकार अब शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए हाईटेक व्यवस्था तैयार कर रही है। जल्द शुरू होने वाली अत्याधुनिक सीएम हेल्पलाइन के जरिए लोग टोल फ्री नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप से सीधे शिकायत दर्ज करा सकेंगे तथा लापरवाही करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई भी होगी।

ग्रामीणों ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास, बिजली-पानी और अन्य योजनाओं से जुड़े अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

बरगद की छांव में आयोजित यह चौपाल सिर्फ समस्याएं सुनने का मंच नहीं रही, बल्कि ठठारी के भविष्य की नई तस्वीर भी खींच गई। बैंक शाखा, आरती घाट और नगर पंचायत की संभावनाओं ने ग्रामीणों में नई उम्मीद जगा दी है। गांव के बुजुर्गों का कहना था कि पहली बार उन्हें लगा कि उनकी बात सीधे शासन के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच रही है।

🌀 जानिए, ठठारी को क्या-क्या मिला?

1️⃣ बैंक शाखा खोलने की घोषणा.

2️⃣ आरती घाट निर्माण की स्वीकृति.

3️⃣ नगर पंचायत बनाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश.

4️⃣ सड़क निर्माण कार्य की घोषणा.

5️⃣ जल्द शुरू होने वाली हाईटेक सीएम हेल्पलाइन की जानकारी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!