नकटी गांव विवाद: पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश ने सीएम को लिखा पत्र, गरीब परिवारों को बेघर कर विधायक आवास बनाने का किया विरोध
पत्र में विधायक शेषराज हरवंश ने कहा है कि गरीबों के घर उजाड़कर मुझे विधायक आवास नहीं चाहिए। यदि विधायक आवास कॉलोनी का निर्माण आवश्यक है तो नवा रायपुर या किसी अन्य उपयुक्त सरकारी भूमि पर इसका निर्माण किया जाए, ताकि किसी गरीब परिवार को विस्थापन का सामना न करना पड़े।

जांजगीर-चांपा/रायपुर। रायपुर के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक आवास कॉलोनी निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक शेषराज हरवंश ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
विधायक शेषराज हरवंश ने अपने पत्र में कहा है कि नकटी गांव में विधायक आवास कॉलोनी निर्माण के लिए लगभग 85 गरीब परिवारों के मकानों को बारिश के मौसम में ध्वस्त किया गया, जिससे प्रभावित परिवार बेघर हो गए हैं। उन्होंने इसे अमानवीय और संवेदनहीन बताते हुए कहा कि गरीबों का आशियाना उजाड़कर जनप्रतिनिधियों के लिए आवास बनाना न्यायोचित नहीं है।
पत्र में विधायक शेषराज हरवंश ने कहा है कि गरीबों के घर उजाड़कर मुझे विधायक आवास नहीं चाहिए। यदि विधायक आवास कॉलोनी का निर्माण आवश्यक है तो नवा रायपुर या किसी अन्य उपयुक्त सरकारी भूमि पर इसका निर्माण किया जाए, ताकि किसी गरीब परिवार को विस्थापन का सामना न करना पड़े।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि:
- प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की जाए।
- उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।
- वर्तमान कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।
- विधायक आवास कॉलोनी के लिए वैकल्पिक भूमि का चयन किया जाए।
पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक शेषराज हरवंश ने उम्मीद जताई है कि राज्य सरकार मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इस मामले में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।