जमीन के खूनी विवाद में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या, पुलिस ने चंद घंटों में पिता-पुत्र को दबोचा
ग्राम भंवतरा में सनसनीखेज चौहरे हत्याकांड से दहला इलाका, प्रभारी एसपी निवेदिता पाल खुद पहुंचीं मौके पर

जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम भंवतरा में गुरुवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या की खबर सामने आई। थाना शिवरीनारायण क्षेत्र अंतर्गत हुए इस चौहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहला दिया।घटना की सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप स्वयं घटनास्थल पहुंचे और जांच तेज करने के निर्देश दिए।
पुलिस और साइबर टीम ने जांच के दौरान मृतक मेदनीराम कश्यप के बेटे सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, परिवार में लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया और एक ही परिवार के चार लोगों की जान चली गई।
आरोपी पहले भी कर चुका है हत्या
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी सोनसाय कश्यप वर्ष 2009 में अपने छोटे भाई पुनाउराम की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है। करीब दो वर्ष पहले जेल से रिहा होने के बाद से उसका अपने पिता मेदनीराम कश्यप के साथ जमीन को लेकर लगातार विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मृतक की शिकायत पर पूर्व में आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई थी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
पिता-पुत्र गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। इस दर्दनाक वारदात के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से ग्रामीण स्तब्ध हैं।




