विधायक ब्यास कश्यप ने जीता अधिवक्ताओं का दिल – जिला अधिवक्ता संघ भवन के लिए 10 लाख रुपए की सौगात, आगे और मदद का भी ऐलान
विधायक के इस सहयोग को अधिवक्ता समाज ने केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं के प्रति उनके विश्वास, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच का प्रतीक बताया है

राजेंद्र राठौर@जांजगीर। अधिवक्ताओं के हितों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और जनहितैषी कार्यशैली के लिए पहचान रखने वाले जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप ने जिला अधिवक्ता संघ जांजगीर को बड़ी सौगात दी है।
विधायक निधि से जिला अधिवक्ता संघ के नवीन भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की महत्वपूर्ण राशि स्वीकृत की गई है। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष में अधिवक्ताओं के अन्य मूलभूत कार्यों के लिए अतिरिक्त 5 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की गई है।
विधायक के इस सहयोग को अधिवक्ता समाज ने केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अधिवक्ताओं के प्रति उनके विश्वास, संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच का प्रतीक बताया है। जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह सहयोग संघ के विकास और अधिवक्ताओं के सशक्तिकरण में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
जिला अधिवक्ता संघ जांजगीर के अध्यक्ष अधिवक्ता नरेश शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों ने विधायक ब्यास कश्यप के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं और आवश्यकताओं को समझते हुए जिस आत्मीयता के साथ उन्होंने सहयोग प्रदान किया है, वह सराहनीय और प्रेरणादायक है।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि विधायक का यह योगदान आने वाले समय में अधिवक्ता संघ के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ अधिवक्ताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने विधायक ब्यास कश्यप को धन्यवाद देते हुए कहा कि जनसेवा और सहयोग की उनकी भावना समाज के लिए प्रेरणा है।






