Welcome to नवीन कदम डिजिटल   Click to listen highlighted text! Welcome to नवीन कदम डिजिटल
कोर्ट-कचहरीक्राइमछत्तीसगढ़जांजगीरजांजगीर-चांपाटॉप न्यूज़राज्यलोकल न्यूज़
Trending

‘काउंटर एफआईआर’ 24 घंटे के भीतर निकली झूठी, नैला चौकी में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक लाइन अटैच, भाजपा नेता अमर सुल्तानिया पर दर्ज केस खारिज

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, भाजपा नेता अमर सुल्तानिया एवं उनके कर्मचारियों के विरुद्ध दर्ज काउंटर अपराध जांच में झूठा पाए जाने पर 24 घंटे के भीतर केस खारिज कर दिया गया है।

NKD@जांजगीर-चांपा। जिले के चर्चित रामसागर बांधा मिट्टी उत्खनन विवाद मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा मोड़ सामने आया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, भाजपा नेता अमर सुल्तानिया एवं उनके कर्मचारियों के विरुद्ध दर्ज काउंटर अपराध जांच में झूठा पाए जाने पर 24 घंटे के भीतर केस खारिज कर दिया गया है। वहीं मामले में लापरवाही और बिना वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराए अपराध दर्ज करने के आरोप में चौकी नैला में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) कृष्ण कुमार कोशले को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम मुड़पार में निर्माणाधीन इथेनॉल प्लांट के लिए रामसागर बांधा तालाब से मिट्टी उत्खनन किया जा रहा था। बताया गया कि पंचायत प्रस्ताव और सरपंच की अनापत्ति के बाद यह कार्य चल रहा था। इसी दौरान 18 मई 2026 की रात प्रहलाद गिर गोस्वामी एवं अन्य लोगों द्वारा मिट्टी उत्खनन कार्य रुकवाने को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, अमर सुल्तानिया के कर्मचारियों लोचन प्रसाद मिरी और लोकेश कुमार भैना के साथ मारपीट किए जाने पर प्रहलाद गिर गोस्वामी एवं अन्य के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया था।

इसके अगले दिन 19 मई को प्रहलाद गिर गोस्वामी एवं अन्य लोगों ने चौकी नैला में अमर सुल्तानिया और उनके गार्ड के खिलाफ मारपीट व गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के निर्देशन में जांच कराई गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल, आसपास के लोगों के बयान और वायरल वीडियो फुटेज का परीक्षण किया। पुलिस का दावा है कि वीडियो में अमर सुल्तानिया या उनके कर्मचारियों द्वारा मारपीट अथवा गाली-गलौज की पुष्टि नहीं हुई। साथ ही यह भी सामने आया कि 18 मई को दिए गए प्रारंभिक आवेदन में केवल मिट्टी उत्खनन और धमकी का उल्लेख था, जबकि मारपीट का आरोप बाद में जोड़ा गया।

पुलिस के अनुसार, जांच में काउंटर रिपोर्ट झूठी पाए जाने पर अमर सुल्तानिया एवं उनके गार्ड के खिलाफ दर्ज अपराध को खारिज कर दिया गया है। साथ ही गलत जानकारी देकर अपराध दर्ज कराने वालों के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

उधर, पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि चौकी नैला में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक कृष्ण कुमार कोशले द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराए बिना अपराध पंजीबद्ध किया गया, जिसे संदिग्ध एवं स्वेच्छाचारी आचरण माना गया। इसी के चलते एएसआई कृष्ण कुमार कोशले को तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र जांजगीर संबद्ध किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!