बाइक बनी “चलता-फिरता पेड़”, भीषण गर्मी, तपती सड़कें और आसमान से बरसती आग के बीच खोखरा गांव के युवक का देसी जुगाड़ सोशल मीडिया पर छाया
युवा व्यवसायी रामकिशोर ने बाइक के दोनों तरफ मजबूत एंगल फिट कर उसके ऊपर पेड़ की शाखाओं और हरे पत्तों को इस अंदाज में सजाया कि चलते वक्त चालक के ऊपर प्राकृतिक छांव बनी रहती है। सड़क पर यह बाइक जैसे ही निकलती है, राहगीरों की नजरें खुद-ब-खुद उस पर टिक जाती हैं।

एनकेडी@जांजगीर-चांपा। भीषण गर्मी, तपती सड़कें और आसमान से बरसती आग के बीच एक युवक ने ऐसा देसी नवाचार कर डाला, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और प्रभावित भी। खोखरा स्कूल चौक निवासी युवा व्यवसायी रामकिशोर देवांगन ने अपनी मोटरसाइकिल को ही “चलती छांव” में बदल दिया है।
मूल रूप से मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करने वाले रामकिशोर ने गर्मी से बचने के लिए बाइक के ऊपर हरे पत्तों और टहनियों की छतरीनुमा संरचना तैयार कर दी। खास बात यह है कि यह सिर्फ दिखावे के लिए नहीं, बल्कि तेज धूप से राहत देने वाला बेहद उपयोगी देसी उपाय साबित हो रहा है। रामकिशोर ने बाइक के दोनों तरफ मजबूत एंगल फिट कर उसके ऊपर पेड़ की शाखाओं और हरे पत्तों को इस अंदाज में सजाया कि चलते वक्त चालक के ऊपर प्राकृतिक छांव बनी रहती है।
सड़क पर यह बाइक जैसे ही निकलती है, राहगीरों की नजरें खुद-ब-खुद उस पर टिक जाती हैं। कई लोग बाइक रोककर फोटो और वीडियो बना रहे हैं, तो कुछ इसे “ग्रीन बाइक” और “नेचर वाला जुगाड़” कहकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। रामकिशोर का कहना है कि लगातार बढ़ती गर्मी ने आम जिंदगी मुश्किल कर दी है। रोज बाइक से आना-जाना करना पड़ता है और तेज धूप सीधे सिर पर पड़ती थी। इसी परेशानी ने उन्हें कुछ अलग सोचने पर मजबूर किया। उन्होंने बेहद कम खर्च में यह देसी छांव तैयार की, जो अब उनके लिए राहत का साधन बन गई है।
अनोखे प्रयोग की हो रही जमकर तारीफ
इलाके के लोग भी इस अनोखे प्रयोग की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि जहां गर्मी से बचने के लिए लोग महंगे उपाय तलाशते हैं, वहीं रामकिशोर ने अपनी तकनीकी समझ और देसी सोच से यह साबित कर दिया कि नवाचार बड़े संसाधनों से नहीं, अलग सोच से पैदा होता है।
चर्चा का विषय बनी “पेड़ वाली बाइक”
भीषण गर्मी के बीच अब रामकिशोर की यह “पेड़ वाली बाइक” इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। कोई इसे देसी इंजीनियरिंग बता रहा है, तो कोई पर्यावरण प्रेम का नया संदेश। एक बात तय है कृ इस अनोखे जुगाड़ ने लोगों का ध्यान जरूर खींच लिया है।





