Welcome to नवीन कदम डिजिटल   Click to listen highlighted text! Welcome to नवीन कदम डिजिटल
छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपायुवालोकल न्यूज़
Trending

युवाओं से छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष  सौरभ सिंह की अपील: असहमति रखें, लेकिन हिंसा नहीं; राष्ट्र निर्माण में निभाएं सकारात्मक भूमिका

छात्रों के नाम खुले संदेश में बोले— लोकतांत्रिक तरीके से रखें अपनी बात, विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में बनें भागीदार

रायपुर/अकलतरा। छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता सौरभ सिंह ने छात्रों और युवाओं के नाम एक खुला संदेश जारी करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि वे यह संदेश केवल एक राजनीतिक कार्यकर्ता के रूप में नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक और एक पिता के रूप में भी युवाओं तक पहुंचा रहे हैं।

सौरभ सिंह ने कहा कि युवाओं की समस्याओं, अपेक्षाओं और निराशा को समझना आवश्यक है, लेकिन किसी भी प्रकार की हिंसा, आगजनी या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना न तो लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप है और न ही देशहित में। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन उसका माध्यम हमेशा शांतिपूर्ण, संवैधानिक और लोकतांत्रिक होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर लगातार कार्य कर रही है। युवाओं को इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने की आवश्यकता है।

सौरभ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व युवाओं को संगठन और शासन व्यवस्था में लगातार अवसर प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व में संगठन युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा उन्हें सकारात्मक राजनीति और जनसेवा के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार लगातार सुधारात्मक कदम उठा रही है। पेपर लीक जैसी घटनाओं में शामिल दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके। साथ ही उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया पर प्रसारित भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने और तथ्यों के आधार पर ही अपनी राय बनाने की अपील की।

सौरभ सिंह ने कहा कि आज का युवा तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर का प्रतिनिधि है। ऐसे में उसे अपने ज्ञान, कौशल और ऊर्जा का उपयोग समाज, लोकतंत्र और राष्ट्र के हित में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि असहमति लोकतंत्र की ताकत है, लेकिन हिंसा किसी भी समस्या का समाधान नहीं हो सकती।

अपने संदेश के अंत में उन्होंने एक पिता के रूप में सभी छात्रों और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित जीवन की कामना करते हुए कहा कि देश के विकास की सबसे बड़ी शक्ति युवा हैं। उन्होंने संयम, सकारात्मक सोच और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनने का आह्वान किया।

युवाओं के लिए सौरभ सिंह के प्रमुख संदेश

  • लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से रखें अपनी बात।
  • हिंसा, आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से बचें।
  • शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप और कौशल विकास के अवसरों का लाभ उठाएं।
  • सोशल मीडिया की भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहें।
  • तकनीक और एआई का उपयोग राष्ट्र निर्माण और समाजहित में करें।
  • विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!