एसपी विजय कुमार पाण्डेय का बड़ा प्रशासनिक दांव, अकलतरा थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा को साइबर सेल का अतिरिक्त प्रभार
जांजगीर-चांपा जिले के पुलिस अधीक्षक ने जारी किया तबादला आदेश, अकलतरा, बिर्रा और साइबर थाना में नई जिम्मेदारियां

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को प्रशासनिक दृष्टिकोण से चार पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के तबादले का आदेश जारी किया। इस आदेश में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव निरीक्षक भास्कर शर्मा को लेकर किया गया है, जिन्हें थाना प्रभारी अकलतरा के साथ-साथ अब प्रभारी साइबर सेल की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
जारी आदेश के अनुसार यह स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है और संबंधित अधिकारियों को नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में ये हुए बदलाव
- निरीक्षक भास्कर शर्मा को थाना प्रभारी अकलतरा के साथ प्रभारी साइबर सेल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
- उप निरीक्षक भवानी सिंह चौहान को चौकी नैला से स्थानांतरित कर थाना अकलतरा भेजा गया।
- प्रधान आरक्षक विष्णु प्रसाद कश्यप को रक्षित केंद्र जांजगीर से पुलिस चौकी करही (थाना बिर्रा) पदस्थ किया गया।
- आरक्षक चिरंजीव कुमार कमलेश को चौकी पंतोरा से स्थानांतरित कर साइबर थाना भेजा गया।
प्रशासनिक कसावट की तैयारी
पुलिस विभाग के इस आदेश को जिले की कानून-व्यवस्था और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विशेष रूप से भास्कर शर्मा को साइबर सेल की जिम्मेदारी दिए जाने को साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों से निपटने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।





