पहली बारिश में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय जांजगीर हुआ जलमग्न, बरामदे से लेकर परिसर के अधिकांश हिस्सों में भरा पानी, व्यवस्था पर उठे सवाल
कार्यालय परिसर में जलभराव के कारण लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। बरामदों में पानी जमा होने से फिसलने का खतरा भी बना रहा। कई स्थानों पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक परिसर में जमा रहा।

जांजगीर-चांपा। जिले में हुई पहली अच्छी बारिश ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय जांजगीर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। बारिश के बाद कार्यालय परिसर के बरामदे से लेकर अधिकांश हिस्सों में पानी भर गया, जिससे कर्मचारियों, शिक्षकों और कार्यालय आने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कार्यालय परिसर में जलभराव के कारण लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। बरामदों में पानी जमा होने से फिसलने का खतरा भी बना रहा। कई स्थानों पर जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी लंबे समय तक परिसर में जमा रहा।
गौरतलब है कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रतिदिन जिले भर से शिक्षक, कर्मचारी, पेंशनभोगी एवं अन्य लोग विभिन्न कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण कार्यालय में पहली ही बारिश में जलभराव की स्थिति सामने आने से भवन के रखरखाव और जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पहली बारिश में ही यह स्थिति है, तो लगातार बारिश के दौरान हालात और अधिक खराब हो सकते हैं। लोगों ने परिसर में जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने और आवश्यक मरम्मत कार्य कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।