महिला सुरक्षा और लंबित प्रकरणों के निराकरण पर आईजी की सख्ती
बिलासपुर रेंज की समीक्षा बैठक में एक माह में पुराने मामलों को शून्य करने का लक्ष्य

बिलासपुर। आईजी राम गोपाल गर्ग ने बुधवार को बिलासपुर रेंज के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अधीक्षकों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में महिला सुरक्षा, लंबित आपराधिक प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा न्यायालयीन निर्देशों के पालन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए। रेंज स्तरीय पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में बिलासपुर, रायगढ़, मुंगेली, कोरबा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, सक्ती, जांजगीर-चांपा एवं सारंगढ़ जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में विशेष रूप से उच्च न्यायालय छत्तीसगढ़ द्वारा प्रकरण क्रमांक Cr.M.P.No.-3112/2024 में जारी दिशा-निर्देशों के पालन पर चर्चा की गई। आईजी राम गोपाल गर्ग ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का विशेष अभियान चलाकर निराकरण करने के निर्देश देते हुए आगामी एक माह के भीतर पुराने मामलों को शून्य करने का लक्ष्य निर्धारित किया। उन्होंने लूट, डकैती, धोखाधड़ी, अपहरण एवं दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों की राजपत्रित अधिकारियों के माध्यम से प्रकरणवार समीक्षा कर शीघ्र चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। आईजी ने कहा कि फरार आरोपियों की लगातार समीक्षा कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि मामलों का समय पर निराकरण हो सके। बैठक के अंत में आईजी राम गोपाल गर्ग ने सभी अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में विभिन्न जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
महिला अपराधों में 60 दिन के भीतर जांच पूरी करने के निर्देश
महिला संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए संचालित आईटीएसएसओ (Investigation Tracking System for Sexual Offence) की समीक्षा करते हुए आईजी ने स्पष्ट कहा कि महिला सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि 60 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण किया जाए तथा जिन मामलों में जांच अवधि 60 दिनों के भीतर है, उनमें लगातार साक्ष्य संकलन कर समय-सीमा के अंदर विवेचना पूर्ण की जाए।




