Janjgir-Naila: रात के अंधेरे में घर के बाहर से बाइक गायब… 48 घंटे बाद सामने आई चौंकाने वाली कहानी!
घर के बाहर से उड़ी होंडा लिवो, चोर ने अस्पताल के पास छोड़ दी बाइक, चाबी जेब में लेकर हो गया था फरार

जांजगीर-चांपा। घर के बाहर सुरक्षित खड़ी होंडा लिवो बाइक अचानक गायब हो गई। परिवार को समझ ही नहीं आया कि आखिर कुछ ही देर में बाइक हवा कैसे हो गई। मामला पुलिस तक पहुंचा तो चोरी की यह वारदात 48 घंटे तक रहस्य बनी रही। लेकिन चौकी नैला पुलिस ने मुखबिर के एक इनपुट के आधार पर ऐसा खुलासा किया, जिसने पूरे मामले की तस्वीर साफ कर दी।

पुलिस के अनुसार 10 जुलाई 2026 को वार्ड क्रमांक 5 वीआईपी कॉलोनी निवासी ब्रजेश कुमार पाण्डेय ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी होंडा लिवो मोटरसाइकिल क्रमांक MH-12-QB-0317 घर के बाहर खड़ी थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। सूचना मिलते ही चौकी नैला पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सकरेली निवासी विनय कुमार सूर्यवंशी उर्फ छोटू (27), जो जांजगीर के माधव लॉज में मजदूरी करता है, चोरी की बाइक अपने कब्जे में रखे हुए है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सकरेली में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। आरोपी ने स्वीकार किया कि चोरी के बाद उसने बाइक को बेचने या घर ले जाने की बजाय दादी सती अस्पताल के पास लाकर छोड़ दिया, लेकिन बाइक की चाबी अपने पास रखकर गांव लौट गया, ताकि मौका मिलने पर बाद में बाइक ले जा सके।
आरोपी के निशानदेही पर पुलिस ने अस्पताल के पास से चोरी गई होंडा लिवो मोटरसाइकिल बरामद कर ली। वहीं घटना के दौरान आरोपी द्वारा इस्तेमाल की गई साइकिल भी जब्त कर ली गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में निरीक्षक रंजीत सिंह कंवर, एएसआई शेख सफी उल्लाह खान, प्रधान आरक्षक जगदीश अजय तथा आरक्षक संतोष प्रधान, डीकेश्वर साहू, संदीप मरावी और अश्वनी मार्बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




