Welcome to नवीन कदम डिजिटल   Click to listen highlighted text! Welcome to नवीन कदम डिजिटल
छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपाराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

“विपक्ष की विधायक होने की मिली सजा?” — मुख्यमंत्री के कोसला जनचौपाल कार्यक्रम में जाने से रोके जाने का आरोप

पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश ने जिला प्रशासन पर लगाया लोकतंत्र का अपमान करने का गंभीर आरोप

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कोसला दौरे के बाद अब सियासत गरमा गई है। पामगढ़ विधानसभा की विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्हें मुख्यमंत्री के जनचौपाल कार्यक्रम में शामिल होने से रोका गया।

विधायक श्रीमती हरबंश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री साय का ग्राम कोसला में जनचौपाल कार्यक्रम आयोजित था, जिसमें शामिल होने के लिए वे पहुंची थीं। लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन से ठीक पहले उन्हें जिले के कलेक्टर और एसपी का फोन आया। विधायक के अनुसार अधिकारियों ने उनसे कहा कि “यह मुख्यमंत्री का गोपनीय कार्यक्रम है, आपका यहां होना सही नहीं है, हमारे लिए समस्या हो जाएगी।”

विधायक ने आरोप लगाया कि वे विपक्ष की विधायक हैं, जबकि कार्यक्रम स्थल पर सत्ता पक्ष के कई जनप्रतिनिधि पहले से मौजूद थे। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह व्यवहार मुख्यमंत्री के निर्देश पर किया गया या जिला प्रशासन ने स्वयं ऐसा कदम उठाया। अपने फेसबुक पोस्ट में विधायक ने लिखा कि एक चुने हुए जनप्रतिनिधि के साथ ऐसा व्यवहार बेहद शर्मनाक है और इससे उन्हें गहरा आघात पहुंचा है।

उन्होंने यह भी कहा कि क्या अब जनचौपाल जैसे सार्वजनिक कार्यक्रमों में केवल सत्ताधारी दल के पदाधिकारियों को ही जगह मिलेगी और विपक्षी विधायकों को अपमानित किया जाएगा। श्रीमती शेषराज हरबंश ने इस पूरे घटनाक्रम को लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि यह घटना साबित करती है कि सरकार विपक्ष की आवाज से डरती है।

इस मामले के सामने आने के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। विपक्षी नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच इस मुद्दे को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। वहीं अब सभी की नजर जिला प्रशासन और सरकार की ओर है कि इस आरोप पर क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को सुशासन तिहार के अंतर्गत पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कोसला पहुंचे थे, जहां उन्होंने माता कौशल्या मंदिर में पूजा-अर्चना की और जनचौपाल कार्यक्रम में ग्रामीणों से संवाद किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!