चांपा में बैंक से निकाले 60 हजार रूपए बाइक की डिक्की से चोरी, CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है और उसकी तलाश जारी है।

जांजगीर-चांपा। चांपा शहर में उड़ाईगिरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में बैंक से निकाले गए 60 हजार रुपए अज्ञात बदमाश ने बाइक की डिक्की से पार कर दिए। घटना की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस, आरोपी की तलाश कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सारागांव थाना क्षेत्र के ग्राम सरवानी निवासी राम नारायण साहू (35) अपने पिता के साथ यूनियन बैंक, चांपा से 60 हजार रुपए निकालकर बाजार पहुंचे थे। उन्होंने नकदी बाइक की डिक्की में रखी और मेडिकल स्टोर सहित अन्य दुकानों में खरीदारी करने चले गए।
इसी दौरान मोदी चौक स्थित एक दुकान के सामने पहले से निगरानी कर रहे बदमाश ने मौका मिलते ही बाइक की डिक्की खोलकर 60 हजार रुपए निकाल लिए और फरार हो गया। जब राम नारायण साहू बाद में दूसरी दुकान पहुंचे और डिक्की खोली, तब उन्हें नकदी गायब होने की जानकारी मिली।
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान शुरू कर दी है और उसकी तलाश जारी है।
वहीं लगातार हो रही उड़ाईगिरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से बड़ी रकम निकालने के बाद उसे बाइक की डिक्की में छोड़कर न जाएं। यदि अधिक नकदी साथ हो तो सीधे गंतव्य तक पहुंचें और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





