Welcome to नवीन कदम डिजिटल   Click to listen highlighted text! Welcome to नवीन कदम डिजिटल
छत्तीसगढ़लोकल न्यूज़सक्ती
Trending

SAKTI: रसोई का सिलेंडर पहुंचा कारोबार में,  खाद्य विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त छापेमारी से खुली नियमों की पोल

घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल पड़ा भारी, खाद्य एवं पुलिस विभाग ने 7 सिलेंडर किए जब्त

शहजाद खान@सक्ती। घरेलू उपयोग के लिए मिलने वाली रसोई गैस का व्यवसायिक कार्यों में इस्तेमाल करने वालों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सक्ती में खाद्य विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग पकड़ा गया। जांच के दौरान कुल 7 गैस सिलेंडर जब्त किए गए और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत खाद्य निरीक्षक अजीत कुजूर और उनकी टीम ने थाना सक्ती पुलिस के सहयोग से बुधवारी बाजार सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच का मुख्य उद्देश्य घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और अन्य अनियमितताओं की पड़ताल करना था।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग व्यवसायिक गतिविधियों में किया जाता पाया गया। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए यशवंत देवांगन, नरेंद्र चौहान, लाल मोहम्मद, राधाबाई और मोहम्मद शहजाद के कब्जे से कुल 7 सिलेंडर जब्त किए। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध खाद्य अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर पर सरकार द्वारा सब्सिडी और विशेष दरें निर्धारित की जाती हैं। ऐसे सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे गैस सुरक्षा मानकों पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में इस तरह का उपयोग दुर्घटनाओं की आशंका को बढ़ा देता है।

संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान व्यापारियों को नियमों की जानकारी देते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यवसायिक उपयोग पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में इस प्रकार के जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे।

प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफिलिंग या व्यवसायिक उपयोग की जानकारी मिले तो तत्काल संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Rajendra Rathore

राजेंद्र राठौर विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उनके परिवार में पत्रकारिता का कोई पारंपरिक इतिहास नहीं रहा, फिर भी उन्होंने इस क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की। उन्होंने वर्ष 2001 में दैनिक नवभारत में सर्वेयर के रूप में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की। वर्ष 2017 में उन्होंने दैनिक नवीन कदम समाचार पत्र समूह में कार्यभार संभाला और तब से वे आज पर्यंत “स्थानीय संपादक” के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!