
एनकेडी@रायपुर। छत्तीसगढ़ की युवा क्रिकेट प्रतिभा महक नरवासे ने प्रदेश को एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दिलाई है। आगामी श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की टी-20 और वनडे दोनों टीमों का उपकप्तान नियुक्त किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनका सम्मान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महक को शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी मौजूद रहे।
छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए बनी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि महक की उपलब्धि केवल राजनांदगांव या उनके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां खेल जगत में लगातार नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
मुख्यमंत्री ने महक की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण को देते हुए कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों, खासकर बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगी।
श्रीलंका दौरे पर रहेंगी खास जिम्मेदारी में
भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान के रूप में महक पर अब नेतृत्व की भी जिम्मेदारी होगी। श्रीलंका दौरे में उनके प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहेगी। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि यह जिम्मेदारी भविष्य में उनके लिए भारतीय महिला सीनियर टीम तक पहुंचने का मजबूत आधार बन सकती है।
खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महक का चयन इस बात का संकेत है कि छत्तीसगढ़ में खेलों का वातावरण लगातार मजबूत हो रहा है और यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रहे हैं। कार्यक्रम में महक के पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, कोच मनोज तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




