
जांजगीर-चांपा। खेल प्रतिभाओं के लिए पहचान बना रहा जांजगीर-चांपा जिला एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर चमका है। इंटरनेशनल ओलंपिक डे सेलिब्रेशन के अवसर पर रायपुर में आयोजित नेशनल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडलों की झड़ी लगा दी। कबड्डी से लेकर कराते तक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि पूरा प्रदेश गौरवान्वित हो उठा।

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के फिजिकल एजुकेशन ग्राउंड में 20 और 21 जून को आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 500 खिलाड़ी, कोच और ऑफिशियल शामिल हुए। बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र, हरियाणा, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में जांजगीर-चांपा के खिलाड़ियों ने अपनी अलग पहचान बनाई।
कबड्डी प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे दुर्गेश सिदार, रुद्रा सानडे, प्रखर सिंह, कृष्णा यादव, क्रिएंस बंजारे, कान्हा राठौर, खिलेश्वर कंवर एवं कृशक कंवर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम को प्रथम स्थान दिलाया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह भर दिया।

वहीं कराते प्रतियोगिता में भी जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मुस्कान कश्यप, वैभव मिश्रा, हिमांशु बरेठ, अनिकेत साहू, मालिना कमल सानडे, श्रेष्ठ द्विवेदी, लीजा महंत, अभिज्ञा बरेठ, मोहन राठौर, दीपक साहू, पारिजात सिन्हा, भूमिका कुर्रे, जॉय स्टीफन, हर्ष रात्रे और एकता कंवर ने गोल्ड मेडल जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया।
इसके अलावा दिव्यांश सिंह चंदेल, प्रकृति सिंह, अफ़्सा राठौर, विहान नेताम, निष्ठा गोस्वामी, अनिका नाग, आराध्या दुबे, कंगना राठौर, नीलिमा राठौर, गरिमा राठौर, अनन्या राठौर और आर्या राठौर ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। वहीं अनमोल साहू, समर्थ सिंह चौहान, अन्वेषा राठौर, वंदेश्वरी कश्यप, अक्षत सोनी और इशिका कुर्रे ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, अभिभावकों और प्रशिक्षकों ने खुशी जताई है। राष्ट्रीय स्तर पर मिले इन परिणामों ने साबित कर दिया है कि जांजगीर-चांपा की युवा प्रतिभाएं अब देशभर में अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं।




