पद्मिनी टाकीज और नायक नर्सिंग अस्पताल के आसपास छाया धुएं का कहर, लोगों में आग लगने की आशंका से मची भगदड़
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टाकीज भवन के ऊपरी हिस्से से तेजी से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आसपास के दुकानदारों ने भी अपने प्रतिष्ठान छोड़ दिए और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने इसे आग लगने की घटना समझ लिया, जिससे इलाके में दहशत और बढ़ गई।

NKD@चांपा। सोमवार की दोपहर चांपा शहर के कोरवा पारा इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पद्मिनी टाकीज की ऊपरी मंजिल से अचानक घना धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही मिनटों में धुएं का गुबार पूरे क्षेत्र में फैल गया और हालात ऐसे बन गए कि लोगों को अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकलना पड़ा।
टाकीज से सटे नायक नर्सिंग अस्पताल में भर्ती मरीज, उनके परिजन और अस्पताल का स्टाफ धुएं की चपेट में आने की आशंका से घबराकर बाहर निकल आए। अस्पताल परिसर के बाहर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर धुआं कहां से निकल रहा है और स्थिति कितनी गंभीर है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टाकीज भवन के ऊपरी हिस्से से तेजी से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आसपास के दुकानदारों ने भी अपने प्रतिष्ठान छोड़ दिए और सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने इसे आग लगने की घटना समझ लिया, जिससे इलाके में दहशत और बढ़ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास का क्षेत्र खाली कराया तथा लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी। समाचार लिखे जाने तक दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंची थीं, जबकि धुआं लगातार निकल रहा था।
घटना के पीछे शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक किसी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल, सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर धुएं का स्रोत क्या है और क्या इसके पीछे कोई बड़ी तकनीकी लापरवाही छिपी हुई है? इसका जवाब जांच और प्रशासनिक पुष्टि के बाद ही सामने आ सकेगा।





