बीएड-डीएलएड में प्रवेश की राह खुली, 5 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन शुरू; 16 सितंबर तक चलेगी प्रवेश प्रक्रिया
SCERT ने अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी, दिशा-निर्देश एवं महाविद्यालयों की सूची परिषद की वेबसाइट पर देखने की सलाह दी है। प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों का विशेष ध्यान रखने के साथ ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवश्यक दस्तावेज एवं शुल्क संबंधी जानकारी की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।

राजेंद्र राठौर@रायपुर/जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बीएड एवं डीएलएड द्विवर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), छत्तीसगढ़ ने प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन एवं काउंसलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया है। जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थी 5 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

SCERT द्वारा जारी पत्र के मुताबिक, राज्य के शासकीय एवं निजी शिक्षा महाविद्यालयों में संचालित द्विवर्षीय बीएड पाठ्यक्रम 2026-27 तथा शासकीय डाइट/डीएलएड एवं निजी शिक्षा महाविद्यालयों में संचालित डीएलएड पाठ्यक्रम 2026-27 में प्रवेश के लिए निर्धारित प्रक्रिया अपनाई जाएगी। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन के दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शुल्क का भुगतान करना होगा।
17 अगस्त को पहली सूची, 19 से प्रवेश की प्रक्रिया
प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार पहली चरण की प्रथम सूची 17 अगस्त को जारी की जाएगी। इसके बाद 18 अगस्त को दावा-आपत्ति का अवसर दिया जाएगा। प्रथम सूची में आवंटित अभ्यर्थियों के लिए महाविद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया 19 से 21 अगस्त तक चलेगी।
इसके बाद 25 अगस्त को प्रथम चरण की द्वितीय सूची के लिए दावा-आपत्ति, जबकि 27 अगस्त को द्वितीय सूची जारी की जाएगी। द्वितीय सूची में आवंटित अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश की प्रक्रिया 27 अगस्त से 2 सितंबर तक चलेगी।
तीसरे और चौथे चरण की भी तय हुई तारीख
प्रवेश प्रक्रिया के तीसरे चरण में 7 सितंबर को दावा-आपत्ति तथा 9 सितंबर को तीसरी सूची जारी होगी। तीसरी सूची में चयनित अभ्यर्थियों को 9 से 11 सितंबर तक महाविद्यालय में प्रवेश लेना होगा।
वहीं अंतिम चरण में 15 सितंबर को दावा-आपत्ति और 16 सितंबर को चौथी सूची जारी की जाएगी। इस तरह प्रवेश प्रक्रिया का अंतिम चरण भी सितंबर माह में पूरा किया जाएगा।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण तारीखें
| प्रक्रिया | तारीख |
|---|---|
| ऑनलाइन आवेदन | 5 से 12 अगस्त 2026 |
| प्रथम सूची | 17 अगस्त |
| प्रथम सूची पर दावा-आपत्ति | 18 अगस्त |
| प्रथम सूची के अभ्यर्थियों का प्रवेश | 19 से 21 अगस्त |
| द्वितीय सूची पर दावा-आपत्ति | 25 अगस्त |
| द्वितीय सूची | 27 अगस्त |
| द्वितीय सूची के अभ्यर्थियों का प्रवेश | 27 अगस्त से 2 सितंबर |
| तृतीय सूची पर दावा-आपत्ति | 7 सितंबर |
| तृतीय सूची | 9 सितंबर |
| तृतीय सूची के अभ्यर्थियों का प्रवेश | 9 से 11 सितंबर |
| चतुर्थ सूची पर दावा-आपत्ति | 15 सितंबर |
| चतुर्थ सूची | 16 सितंबर |
SCERT ने अभ्यर्थियों को प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी, दिशा-निर्देश एवं महाविद्यालयों की सूची परिषद की वेबसाइट पर देखने की सलाह दी है। प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथियों का विशेष ध्यान रखने के साथ ऑनलाइन आवेदन के दौरान आवश्यक दस्तावेज एवं शुल्क संबंधी जानकारी की पुष्टि करने की सलाह दी गई है।
जांजगीर में भी बीएड संस्थानों ने शुरू की तैयारी: जारी सूचना में जांजगीर के केशरी बीएड कॉलेज (115310) और ज्ञानोदय बीएड कॉलेज (115308) का उल्लेख किया गया है। कॉलेज की ओर से प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए संचालक डॉ. सुरेश यादव का संपर्क नंबर 94252-30437 जारी किया गया है।




