दीनदयाल कॉलोनी खोखरा भाठा स्थित श्री बदरी गार्डन में उमड़ रही शिवभक्तों की आस्था, श्री शिव महापुराण कथा में प्रतिदिन जुट रहे श्रद्धालु
10 अगस्त को हवन-पूजन, वरिष्ठ पेंशनरों, सहयोगी शिवभक्तों एवं पत्रकारों का होगा सम्मान, भंडारे का भी आयोजन

जांजगीर-चांपा। दीनदयाल कॉलोनी खोखरा भाठा स्थित श्री बदरी गार्डन (मंगल भवन) में प्रदेश के सर्व पेंशनर्स, वरिष्ठ नागरिकों, कर्मचारी-अधिकारियों एवं सर्वजन कल्याण की भावना से आयोजित सार्वजनिक श्री शिव महापुराण कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्तों की सहभागिता देखने को मिल रही है। कथा के दौरान श्रद्धालु भगवान शिव की महिमा का रसपान कर धर्म एवं अध्यात्म से जुड़ रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ 3 अगस्त को भव्य जल कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में पेंशनर्स, कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक अपने परिवारों सहित शामिल हुए। दीनदयाल कॉलोनी एवं पुलिस कॉलोनी की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक कलश यात्रा में भाग लिया।
कथा व्यास आचार्य पंडित अनुराग कृष्ण दुबे (गौ धाम, रतनपुर) अपनी मधुर एवं संगीतमय वाणी से शिव महापुराण का वाचन कर रहे हैं। 4 अगस्त को उन्होंने पार्थिव शिवलिंग पूजन की विधि तथा भस्म और रुद्राक्ष की महिमा का वर्णन किया, जबकि 5 अगस्त को सती चरित्र की कथा का भावपूर्ण एवं विस्तृत वर्णन किया गया।
कथा श्रवण के लिए नगर पालिका जांजगीर के पूर्व अध्यक्ष रघुराज प्रसाद पांडेय, आयुर्वेद विभाग के सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक डॉ. परस शर्मा, ओ.पी. शर्मा (पैथोलॉजिस्ट, चांपा) सहित अनेक गणमान्य नागरिक सपत्नीक उपस्थित रहे। दीनदयाल कॉलोनी एवं पुलिस कॉलोनी की महिला समिति के पदाधिकारी और सदस्य भी बड़ी संख्या में कथा में शामिल हुए।
यह धार्मिक आयोजन स्वास्थ्य पेंशनर एवं प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के संयोजन में आयोजित किया जा रहा है।
आयोजन समिति के अनुसार, 10 अगस्त (सोमवार) को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक हवन-पूजन, सहस्रधारा सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी के मुख्य आतिथ्य में 75 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों, वरिष्ठ नागरिकों, सहयोगी शिवभक्तों एवं पत्रकारों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर भंडारा प्रसाद का वितरण होगा।
आयोजन समिति ने सभी पेंशनरों, वरिष्ठ नागरिकों, कर्मचारी-अधिकारियों एवं जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में श्री शिव महापुराण कथा में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।





