दूध पर महंगाई की मार: जांजगीर में 20 मई से बढ़ेंगे दूध के दाम, गाय का दूध ₹50 और भैंस का दूध ₹60 प्रति लीटर, बढ़ती लागत का हवाला देकर विक्रेताओं ने लिया फैसला
दूध विक्रेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण पुराने रेट पर दूध की सप्लाई करना मुश्किल हो गया था

एनकेडी@जांजगीर-नैला। महंगाई की मार अब आम लोगों की रसोई तक पहुंच गई है। जांजगीर शहर में 20 मई 2026 से दूध की नई दरें लागू होने जा रही हैं। दूध विक्रेता संघ जांजगीर-नैला द्वारा लिए गए फैसले के अनुसार अब गाय का दूध ₹50 प्रति लीटर और भैंस का दूध ₹60 प्रति लीटर की दर से बेचा जाएगा।

दूध विक्रेताओं का कहना है कि लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण पुराने रेट पर दूध की सप्लाई करना मुश्किल हो गया था। संघ के मुताबिक पशुओं के चारे, दवाई, परिवहन और श्रम लागत में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे दूध व्यवसाय प्रभावित हो रहा था। ऐसे में मजबूरी में कीमत बढ़ाने का निर्णय लेना पड़ा।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि बीते कई महीनों से लागत बढ़ने के बावजूद पुराने रेट पर ही दूध उपलब्ध कराया जा रहा था, लेकिन अब स्थिति ऐसी हो गई है कि बिना दर वृद्धि के व्यवसाय चलाना संभव नहीं रह गया था।
दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ेगा। खासकर मध्यमवर्गीय और दैनिक उपभोक्ताओं को अब हर महीने दूध पर अधिक खर्च करना होगा। शहर में इस फैसले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
दूध विक्रेता संघ ने नगरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि बढ़ती लागत को देखते हुए यह फैसला आवश्यक था। विक्रेताओं का दावा है कि यदि समय रहते दरों में संशोधन नहीं किया जाता, तो नियमित आपूर्ति प्रभावित हो सकती थी।




