जांजगीर में छात्रहित में बड़ा फैसला: एलएलएम प्रवेश नोटिस स्थगित, छात्रों ने प्राचार्य का जताया आभार
दस्तावेजों की कमी से आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर, महाविद्यालय प्रशासन के निर्णय का स्वागत

राजेंद्र राठौर@जांजगीर। शासकीय ठाकुर छेदीलाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जांजगीर में एलएलएम (LL.M.) प्रवेश प्रक्रिया को लेकर जारी नोटिस को फिलहाल स्थगित किए जाने के निर्णय का छात्र-छात्राओं ने स्वागत किया है। एलएलएम में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य के इस निर्णय को छात्रहित में उठाया गया सकारात्मक कदम बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार, एलएलएम प्रवेश प्रक्रिया के संबंध में जारी नोटिस के बाद कई अभ्यर्थियों ने महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी व्यावहारिक समस्याएं रखी थीं। विद्यार्थियों का कहना था कि स्नातक एवं एलएलबी की अंकसूची, स्थानांतरण प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, माइग्रेशन सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण वे निर्धारित अवधि में प्रवेश आवेदन जमा करने में असमर्थ थे। ऐसे में प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ने से अनेक पात्र छात्र प्रवेश से वंचित हो सकते थे।
छात्रों की ओर से इस संबंध में महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन एवं मौखिक अनुरोध भी किया गया। इसके बाद प्राचार्य ने विद्यार्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए प्रवेश संबंधी नोटिस को स्थगित करने का निर्णय लिया, जिससे अब अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज पूर्ण कर आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय मिलने की संभावना बनी है।
विद्यार्थियों ने कहा कि यह निर्णय केवल कुछ छात्रों के लिए ही नहीं, बल्कि उन सभी अभ्यर्थियों के लिए राहत लेकर आया है जो तकनीकी अथवा प्रशासनिक कारणों से समय पर आवेदन नहीं कर पा रहे थे। उनका मानना है कि इससे अधिक संख्या में योग्य अभ्यर्थियों को एलएलएम पाठ्यक्रम में प्रवेश का अवसर मिलेगा और कोई भी छात्र केवल औपचारिक कारणों से उच्च शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा।
महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन भविष्य में भी छात्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे निर्णय लेता रहेगा, जिससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों में संवाद और सकारात्मक पहल विद्यार्थियों के विश्वास को मजबूत करती है।
इस संबंध में विद्यार्थी राहुल यादव, मेष कुमार, ट्विंकल, भागमनी, लक्की, इंद्रजीत, विक्रम, भावना, प्रियंका एवं वर्षा सहित अन्य अभ्यर्थियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य, प्रवेश समिति तथा प्रवेश प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उम्मीद जताई कि आगे भी प्रवेश प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता एवं छात्रहित को ध्यान में रखकर संचालित की जाएगी।
हालांकि, महाविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रवेश की नई तिथि अथवा संशोधित कार्यक्रम की औपचारिक घोषणा का विद्यार्थियों को इंतजार है। छात्रों ने अपेक्षा व्यक्त की है कि संशोधित प्रवेश कार्यक्रम शीघ्र जारी किया जाएगा, ताकि इच्छुक अभ्यर्थी समय रहते अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर सकें।




