Welcome to नवीन कदम डिजिटल   Click to listen highlighted text! Welcome to नवीन कदम डिजिटल
छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपाधर्म
Trending

खरौद के श्री लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर में आखिरकार बना ट्रस्ट, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

आस्था के केंद्र को मिला नया प्रशासनिक ढांचा, क्षेत्रवासियों ने कहा— ऐतिहासिक फैसला

राजेंद्र राठौर@जांजगीर-चांपा। धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध खरौद स्थित श्री लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर के लिए आखिरकार ट्रस्ट का गठन कर दिया गया है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों द्वारा उठाई जा रही यह मांग पूरी होने के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ट्रस्ट गठन को मंदिर के व्यवस्थित संचालन, संरक्षण और विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

ट्रस्ट गठन की घोषणा के बाद बड़ी संख्या में खरौद क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और स्थानीय नागरिक सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर जन्मेजय महोबे से मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट किया तथा वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर उनका आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने इस अवसर पर सभी क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि श्री लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर केवल खरौद या जांजगीर-चांपा जिले तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट के गठन से मंदिर के सुव्यवस्थित संचालन, धार्मिक गतिविधियों के बेहतर प्रबंधन और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

कलेक्टर ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र के समग्र विकास, श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य करेगा।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि ट्रस्ट गठन की मांग कई वर्षों से की जा रही थी। अब इसके गठन से मंदिर की संपत्तियों का बेहतर प्रबंधन, आय-व्यय में पारदर्शिता और धार्मिक आयोजनों का सुव्यवस्थित संचालन संभव हो सकेगा। साथ ही धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

मंदिर से जुड़े सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने ट्रस्ट गठन को “ऐतिहासिक निर्णय” बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल श्री लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर के विकास का नया अध्याय शुरू होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि नवगठित ट्रस्ट मंदिर की गरिमा और धार्मिक परंपराओं को बनाए रखते हुए विकास कार्यों को गति देगा।

बहरहाल, धार्मिक महत्व और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध श्री लक्ष्मणेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिवर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सावन मास आरंभ होने से ठीक पहले ट्रस्ट गठन को मंदिर के दीर्घकालिक संरक्षण, सुव्यवस्थित प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Rajendra Rathore

राजेंद्र राठौर विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उनके परिवार में पत्रकारिता का कोई पारंपरिक इतिहास नहीं रहा, फिर भी उन्होंने इस क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की। उन्होंने वर्ष 2001 में दैनिक नवभारत में सर्वेयर के रूप में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की। वर्ष 2017 में उन्होंने दैनिक नवीन कदम समाचार पत्र समूह में कार्यभार संभाला और तब से वे आज पर्यंत “स्थानीय संपादक” के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!