बाराद्वार में जुए के फड़ पर पुलिस का छापा, 7 जुआरी गिरफ्तार; मौके से ₹7,400 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ की है छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई

सक्ती। बाराद्वार पुलिस और साइबर सेल सक्ती की संयुक्त टीम ने ग्राम पलाडीखुर्द के जोगीडीपाखार के पास जुए के फड़ पर कार्रवाई करते हुए 7 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹7,400 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त की है।

पुलिस को 5 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि जोगीडीपाखार के पास फड़ लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर जुआ खेल रहे सभी सात आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अमृत लाल यादव, पवन साहू, अतुल साहू, रमेश कुमार बरेठ, सतीश यादव, दिलहरण दास महंत और गुहाराम केंवट शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 के तहत कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में की गई। जिला पुलिस ने जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।




