अब अमोरा बनेगा ‘पूर्ण हेलमेट युक्त गांव’, CM ड्यूटी के बाद रात 10 बजे गांव पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने की बड़ी घोषणा
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने 'एक हेलमेट पति के नाम' अभियान के तहत बांटे हेलमेट, सड़क सुरक्षा को बनाया जनआंदोलन

राजेंद्र राठौर@जांजगीर-चांपा। जिले का ग्राम अमोरा अब नशामुक्ति के बाद “पूर्ण हेलमेट युक्त गांव” बनने की दिशा में कदम बढ़ा चुका है। रविवार रात CM ड्यूटी समाप्त करने के बाद करीब 10 बजे पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) स्वयं थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम अमोरा पहुंचे और ग्रामीणों के बीच यह घोषणा की कि अब अमोरा को जिले का पहला पूर्ण हेलमेट युक्त गांव बनाया जाएगा।

देर रात आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में एसपी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली अधिकांश मौतें हेलमेट नहीं पहनने की वजह से होती हैं। यदि हर व्यक्ति हेलमेट पहनने की आदत बना ले, तो अनेक परिवारों को उजड़ने से बचाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव का कोई भी व्यक्ति बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाए।
इस दौरान “एक हेलमेट पति के नाम” अभियान के तहत महिला कमांडो टीम को हेलमेट वितरित किए गए। एसपी ने महिलाओं से कहा कि जिस तरह वे अपने परिवार की देखभाल करती हैं, उसी तरह पति और परिजनों को घर से निकलते समय हेलमेट पहनने के लिए भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि “हेलमेट केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा कवच है।”
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पहले से ही करीब 90 प्रतिशत लोग हेलमेट पहनकर बाइक चलाते हैं और बिना हेलमेट निकलने वालों को भी जागरूक करते हैं। इसी सकारात्मक पहल को देखते हुए अब पूरे गांव को 100 प्रतिशत हेलमेट उपयोग वाला गांव बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने महिला कमांडो टीम के कार्यों की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाने के साथ-साथ रात में सड़कों पर घूमने वाले आवारा मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी बांधकर सड़क हादसों को रोकने का उनका प्रयास पूरे जिले के लिए प्रेरणादायक है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार ने भी इस मॉडल को अन्य गांवों में लागू करने की बात कही।

इस अवसर पर नशामुक्ति, महिला सशक्तीकरण और अवैध शराब रोकथाम में उत्कृष्ट योगदान देने पर गांव के सरपंच सहित लगभग 150 महिला कमांडो को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई और सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए थाना मुलमुला प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल को महिला कमांडो टीम और सरपंच ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, जनप्रतिनिधि, महिला कमांडो टीम, ग्रामीण एवं थाना मुलमुला का पुलिस स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहा। अब अमोरा नशामुक्ति के साथ-साथ “पूर्ण हेलमेट युक्त गांव” बनने की दिशा में जिले के लिए नई मिसाल बनने जा रहा है।




