कोटमीसोनार गांव में घर से लगभग 20 लाख के सोना-चांदी व नकदी पार
घर में अकेली थीं दो बुजुर्ग महिलाएं, सोते समय चोरों ने दिया वारदात को अंजाम

एनकेडी@अकलतरा। क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार अंतर्गत ग्राम कोटमी सोनार में बीती रात अज्ञात चोरों ने संतोषी मंदिर सोनार के पास स्थित अधिवक्ता स्व. रागेश सोनी के निवास को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर में घुसकर नगद राशि सहित सोने-चांदी के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, घर में केवल दो बुजुर्ग महिलाएं निवास करती हैं, जो घटना के समय एक कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान देर रात चोर मुख्य दरवाजे या पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश कर गए। चोरों ने बड़ी शातिराना तरीके से अलमारी और पेटी को खंगालते हुए उसमें रखी नकदी एवं सोना-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार चोरी गए सामान की कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस, अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर पतासाजी में जुटी हुई है।
शनिवार की सुबह खुला चोरी का राज
शनिवार की सुबह जब अन्नपूर्णा सोनी आंगन के पास वाले कमरे में पहुंचीं तो घर का सामान बिखरा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी खुली हुई थी और कीमती सामान गायब था। इसके बाद तत्काल रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को सूचना दी गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार प्रभारी प्रतिभा राठौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास पूछताछ शुरू की। इसके बाद डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक जांच दल को भी बुलाया गया, जिन्होंने घर के अंदर और आसपास से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
सुनियोजित वारदात की आशंका
प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों को घर की स्थिति और कीमती सामान की जानकारी पहले से थी। जिस तरीके से केवल अलमारी और पेटी को निशाना बनाया गया, उससे पुलिस इसे सुनियोजित चोरी मानकर जांच कर रही है।
अब सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस द्वारा गांव एवं मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्ध लोगों की गतिविधियों और देर रात आने-जाने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का पता लगाकर चोरी का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है तथा ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।





