Janjgir Chaupati: हर महीने शुल्क वसूली, लेकिन मूलभूत सुविधाएं नदारद, व्यापारियों ने नगर पालिका पर लगाया उपेक्षा का आरोप
चौपाटी व्यापारियों की पीड़ा लेकर विधायक ब्यास कश्यप के पास पहुंचे व्यवसायी, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की रखी मांग
NKD@जांजगीर-चांपा। नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला की चौपाटी व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। व्यापारियों का कहना है कि जनवरी 2026 में ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। अब नगर पालिका में सुनवाई नहीं होने से परेशान व्यवसायी विधायक ब्यास कश्यप के पास पहुंचे और अपनी समस्याएं विस्तार से रखीं।
व्यवसायी सूरज राठौर, उमाशंकर, कृष देवांगन, दिलीप कहरा, रामकुमार कश्यप, दीपक बरेठ, छतराम यादव और मनोज कहरा ने विधायक को बताया कि नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला द्वारा उनसे प्रतिमाह एक हजार रुपये शुल्क लिया जा रहा है, लेकिन इसके बदले कोई मूलभूत सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि चौपाटी में न तो नियमित मेंटेनेंस हो रहा है और न ही शौचालय जैसी जरूरी सुविधा उपलब्ध है। गर्मी के दिनों में वाटर फ्रीजर या शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं बरसात के मौसम में हालात और भी खराब होने की आशंका जताई गई है।
व्यापारियों का कहना है कि विवेकानंद मार्ग में संचालित सभी फुटकर दुकानों को चौपाटी में स्थानांतरित किया गया, लेकिन वहां भी दुकानों का संचालन नियमानुसार नहीं हो रहा। करीब 40 दुकानें संचालित हो रही हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन गई है।
व्यापारियों ने यह भी बताया कि उन्होंने स्वयं की लागत से व्यवस्था सुधारने और खर्च की राशि को मासिक किराए से समायोजित करने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसे भी अस्वीकार कर दिया।
व्यापारियों के अनुसार जब वे नगर पालिका अध्यक्ष के पास जाते हैं तो उन्हें सीएमओ के पास भेज दिया जाता है और सीएमओ की ओर से भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
इस पूरे मामले पर विधायक ब्यास कश्यप ने व्यापारियों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए कहा कि चौपाटी में कार्य करने वाले लोग जनता के खान-पान और रोजगार से जुड़े हैं, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान होना जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया









