जांजगीर में मेडिकल कॉलेज को मिली मंजूरी, नागरिक मंच ने जताया हर्ष; अटल चौक पर मिठाई बांटकर सरकार का जताया आभार
जिले के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या में भी वृद्धि होगी।

जांजगीर-चांपा। जिले में नए शासकीय मेडिकल कॉलेज को राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) से 50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलने पर नागरिक मंच ने खुशी जाहिर करते हुए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जांजगीर के अटल चौक में कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, मिठाई वितरित की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समर्थन में नारे लगाकर इस निर्णय का स्वागत किया।

नागरिक मंच के संयोजक प्रशांत सिंह ठाकुर ने कहा कि जांजगीर-चांपा सहित प्रदेश के पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को एनएमसी से 50-50 एमबीबीएस सीटों की स्वीकृति मिलना छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे जिले के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और भविष्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या में भी वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी तथा रोजगार और विकास के नए अवसर भी सृजित होंगे। यह निर्णय केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी सोच, सुशासन तथा दूरदर्शी नेतृत्व का परिचायक है।
प्रशांत सिंह ठाकुर ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति जिलेवासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह पहल जांजगीर-चांपा सहित पूरे छत्तीसगढ़ की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
कार्यक्रम में नागरिक मंच के प्रशांत सिंह ठाकुर, पंकज अग्रवाल, चमन शिव सिंह, अनुराग तिवारी, अभिमन्यु राठौर, राहुल सेन, दिव्यांश चंदेल, दिनेश राठौर, राकेश राठौर, प्रदीप सोनी, सूर्यप्रताप सिंह, सुरेंद्र यादव, सोनू यादव, हेमंत पैगवार, योगेश राणा, लक्ष्मी जायसवाल, प्रकाश तलवानी, राहुल यादव, आशीष पैगवार, आकाश ताम्रकार, कन्हैया सूर्यवंशी, सतीश पैगवार सहित बड़ी संख्या में नागरिक मंच के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




