
शहजाद खान@सक्ती। अड़भार चौकी पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस को देखकर तीन अन्य आरोपी अपनी-अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से कुल छह मोटरसाइकिल, नकदी और जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है।
अड़भार चौकी पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी के मार्गदर्शन में की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने अड़भार चौकी क्षेत्र के बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही तीन आरोपी भाग निकले, जबकि, चार लोगों को मौके से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में धरमपाल सतनामी (51), अजीत कुमार मिरी (35), घासीराम चंदा (45) और सोनू कुमार धोबी (27) शामिल हैं। इनके कब्जे से जुए की फड़ से प्राप्त नकदी, ताश की गड्डी तथा चार मोटरसाइकिल बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान फरार आरोपियों द्वारा छोड़ी गई तीन मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने जब्त कर लीं। इस प्रकार कुल छह मोटरसाइकिल, लगभग 5,000 नकद, एक ताश की गड्डी और प्लास्टिक की बोरी जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3.55 लाख बताई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को 12 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां अपराध जमानती होने के कारण उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। वहीं फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी अड़भार प्रभारी सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





