Janjgir-Champa: जिला पंचायत के सभापति राजकुमार साहू ने कोसा शॉल भेंट कर गणमान्य नागरिकों एवं पत्रकारों का किया सम्मान
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर जिला पंचायत सभापति ने जताया आभार
जांजगीर-चांपा। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला पंचायत जांजगीर-चांपा के सभापति राजकुमार साहू ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय जांजगीर में एक आत्मीय सम्मान समारोह का आयोजन किया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के गणमान्य नागरिकों एवं पत्रकारों का छत्तीसगढ़ की पारंपरिक पहचान “कोसा शॉल” भेंट कर तथा “मुंह मीठा” कराकर सम्मान किया।

कार्यक्रम के दौरान सभापति राजकुमार साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार के 12 वर्ष पूरे होने का अवसर नहीं है, बल्कि भारत के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा में अभूतपूर्व वृद्धि का भी प्रतीक है।
सभापति राजकुमार साहू ने कहा कि मोदी सरकार ने गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों को केंद्र में रखकर योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। आज देश का आम नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहा है और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और समाज को जागरूक बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसलिए, मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पत्रकारों और समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों का सम्मान कर उनके प्रति आभार व्यक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का कार्य करती है तथा लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाती है।
सभापति राजकुमार साहू ने यह भी कहा कि भारत आज विश्व मंच पर एक मजबूत और निर्णायक राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। चाहे बुनियादी ढांचे का विस्तार हो, डिजिटल क्रांति हो, विदेश नीति हो या सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, हर क्षेत्र में देश ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। आने वाले वर्षों में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देशवासियों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण होगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सीताराम नायक, राजेंद्र राठौर, पुरुषोत्तम राठौर, जय नारायण राठौर, हरीश राठौर, दुर्गेश राठौर, बलराम सिंह राजपूत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण रहा, जहां विकास, लोकतंत्र और जनसहभागिता को लेकर सार्थक चर्चा भी हुई।




